TV Debate Show: राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है। इसी बीच कांग्रेस नेता उदित राज ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिसके बाद भारतीय जनता पार्टी ने प्रमुख विपक्षी पार्टी पर निशाना साधा। बीजेपी ने कहा कि ये टिप्पणी कांग्रेस की आदिवासी विरोधी मानसिकता को दर्शाती है। भारत जोड़ो यात्रा को लेकर लेकर कई न्यूज चैनल में डिबेट शो हुए। इस डिबेट शो में कांग्रेस प्रवक्ता से उदित राज के बयान को लेकर सवाल पूछे जाते है। ऐसी एक डिबेट शो में कांग्रेस प्रवक्ता रोहन गुप्ता से न्यूज एंकर ने सवाल पूछा, तो वह प्रज्ञा ठाकुर का जिक्र करने लगे।

दरअसल, न्यूज 18 इंडिया चैनल पर भारत जोड़ो यात्रा पर डिबेट शो चल रहा था। एंकर ने शो के दौरान कांग्रेस प्रवक्ता रोहन गुप्ता से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए आपत्तिजनक टिप्पणी पर सवाल पूछ लिया। एंकर ने कहा कि उदित राज का राष्ट्रपति पर दिया बयान भारत जोड़ो यात्रा का हिस्सा है? इस पर कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रज्ञा ठाकुर दिए गए बयान पर बीजेपी ने कभी खंडन किया। इनके किसी नेता ने उस बयान को गलत नहीं कहा।

उदित राज ने क्या कहा था जानिए

उदित राज ने बुधवार को राष्ट्रपति मुर्मू पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया था, ‘द्रौपदी मुर्मू जी जैसी राष्ट्रपति किसी देश को न मिलें। चमचागिरी की भी हद है। कहती हैं कि70 प्रतिशत लोग गुजरात का नमक खाते हैं। खुद नमक खाकर जिंदगी जिएं तो पता लगेगा।’ हालांकि, बयान के लिये सोशल मीडिया पर हो रही आलोचना का सामना कर रहे कांग्रेस नेता ने ट्विटर पर एक स्पष्टीकरण जारी कर कहा था कि राष्ट्रपति मुर्मू पर उनका बयान उनका व्यक्तिगत बयान है और इसका कांग्रेस से कोई लेना-देना नहीं।

कांग्रेस नेता उदित राज को एनसीडब्ल्यू ने भेजा नोटिस

वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने कांग्रेस नेता उदित राज को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ उनकी चापलूसी वाली टिप्पणी पर तलब किया है। बृहस्पतिवार को जारी नोटिस में आयोग ने उन्हें 10 अक्टूबर को उसके सामने पेश होने और उनकी (कांग्रेस नेता की) बेहद निंदनीय और शर्मनाक टिप्पणियों पर स्पष्टीकरण देने को कहा है। बता दें कि हाल में एक समारोह में मुर्मू ने कहा था कि गुजरात देश में बनने वाले 76 प्रतिशत नमक का उत्पादन करता है। उन्होंने कहा था कि कहा जा सकता है कि सभी देशवासी गुजरात का नमक खाते हैं।