तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) के प्रमुख और अभिनेता से नेता बने विजय की रैली में शनिवार को भगदड़ हो गई। भगदड़ में अब तक 38 लोगों की मौत हो गई है। इसमें 16 महिलाएं और 8 बच्चे भी हैं। 45 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। अस्पताल की ओर से मिल रही जानकारी के मुताबिक, घायलों में से कई की हालत गंभीर है।
यह रैली करूर में हो रही थी। तमिलनाडु सरकार ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार, भगदड़ शाम करीब साढ़े सात बजे शुरू हुई। इससे पहले दिन में विजय ने नमक्कल में एक रैली को संबोधित किया था।
पुलिस ने बताया है कि विजय के हजारों प्रशंसक नमक्कल से ही उनके काफिले के पीछे-पीछे चल रहे थे और जब वह करूर पहुंचे तो भीड़ उम्मीद से कहीं ज्यादा बढ़ गई क्योंकि करूर में बड़ी संख्या में लोग पहले से ही उनका इंतजार कर रहे थे।
बेकाबू हो गई भीड़
जब विजय सभा को संबोधित कर रहे थे, उसी दौरान भीड़ बढ़ती गई और बेकाबू हो गई। इस वजह से पार्टी कार्यकर्ता और कुछ बच्चों समेत कई लोग बेहोश होकर गिर पड़े। कई कार्यकर्ताओं ने हालात को देखकर शोर मचाया। विजय ने इस पर ध्यान दिया और अपना भाषण रोककर प्रचार बस के ऊपर से ही लोगों तक पानी की बोतलें पहुंचाने की कोशिश की।
एम्बुलेंस को भीड़-भाड़ वाली सड़क से होते हुए घटनास्थल तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बेहोश हुए लोगों को पास के अस्पतालों में ले जाया गया। विजय ने हालात को देखते हुए अपना भाषण पहले ही समाप्त कर दिया।
एक वरिष्ठ अफसर ने बताया कि पुलिस की ओर से कार्यक्रम की अनुमति दोपहर 3 बजे से दी गई थी लेकिन TVK की ओर से की गई सोशल मीडिया पोस्ट में विजय के दोपहर 12.45 बजे आने का विज्ञापन जारी किया गया था। उन्होंने कहा, “इस वजह से लोग सुबह 10 बजे से ही इकट्ठा हो गए और रात तक इंतजार करते रहे।”
मुख्यमंत्री स्टालिन ने दिए निर्देश
भगदड़ को लेकर दुख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने अधिकारियों और मंत्रियों को निर्देश दिया है कि वे भीड़ में बेहोश हुए और अस्पताल में भर्ती कराए गए लोगों का इलाज सुनिश्चित करें।
स्टालिन ने पूर्व मंत्री वी. सेंथिल बालाजी, स्वास्थ्य मंत्री सुब्रमण्यम और करूर कलेक्टर को इलाज को लेकर जरूरी निर्देश दिए हैं। स्टालिन ने इस मामले में एडीजीपी से बात की है। उन्होंने जनता से भी स्थिति को संभालने में डॉक्टरों और पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।
गृह मंत्रालय ने भगदड़ को लेकर तमिलनाडु सरकार से रिपोर्ट मांगी है। भगदड़ को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित तमाम दिग्गजों ने शोक जताया है।
विजय तमिल सिनेमा में काफी पॉपुलर चेहरे रहे हैं और अब जब वे राजनीति में उतरे हैं तो उनकी रैलियों में बड़ी संख्या में समर्थक जुट रहे हैं। टीवीके ने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में उतरने का ऐलान किया है।