हाल के समय में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की लोकप्रियता में काफी उछाल आया है। यहां तक कि मीडिया में भी राहुल गांधी की लोकप्रियता बढ़ी है। संडे एक्सप्रेस में छपे वरिष्ठ पत्रकार कूमी कपूर के एक लेख के अनुसार, एक टीवी चैनल ने तो बाकायदा एक महिला रिपोर्टर को राहुल गांधी की ही फुल टाइम रिपोर्टिंग करने की जिम्मेदारी दे दी है। देश के राजनैतिक हालातों को देखते हुए यह एक अच्छी पहल कही जा सकती है। चैनल को इसका खूब फायदा मिल रहा है और राहुल गांधी भी इस चैनल की रिपोर्टर को खूब बाइट दे रहे हैं। वहीं दूसरे चैनल के पत्रकारों ने भी अब उस महिला रिपोर्टर का संसद भवन में पीछा करना शुरु कर दिया है।
इसकी वजह ये है कि इस महिला रिपोर्टर को पता होता है कि राहुल गांधी किस वक्त संसद पहुंचेंगे और किस वक्त संसद से निकल जाएंगे। अब पता चला है कि एक अन्य टीवी चैनल ने ऐसी ही व्यवस्था प्रियंका गांधी के लिए भी तैयार की है। इस टीवी चैनल ने भी अपनी एक महिला पत्रकार को प्रियंका गांधी की रिपोर्टिंग करने के काम में लगा दिया है। हाल ही में प्रियंका गांधी जब उत्तर प्रदेश के 4 दिवसीय दौरे पर गईं थी तो वह महिला पत्रकार लगातार उनके साथ बनी रही थी। इस दौरान प्रियंका गांधी पार्टी कार्यकर्ताओं से लगातार बैठकें करती रहीं, वहीं महिला पत्रकार लगातार 14 घंटे तक ट्वीट करती रही थी।
[bc_video video_id=”6000754026001″ account_id=”5798671092001″ player_id=”JZkm7IO4g3″ embed=”in-page” padding_top=”56%” autoplay=”” min_width=”0px” max_width=”640px” width=”100%” height=”100%”]
बता दें कि कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को आगामी लोकसभा चुनावों के लिए पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया है। बीते सोमवार को प्रियंका गांधी, राहुल गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ लखनऊ पहुंची थी। इस दौरान इन नेताओं ने एअरपोर्ट से लेकर कांग्रेस मुख्यालय तक एक रोडशो का आयोजन भी किया था। इसके बाद राहुल गांधी सोमवार शाम में ही दिल्ली लौट आए थे, वहीं प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया लखनऊ में ही रुक गए थे। दोनों नेताओं ने इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर उनके साथ चर्चा की और उनसे पार्टी की जीत के लिए सुझाव मांगे। प्रियंका गांधी के राजनीति में शामिल किए जाने से पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश का माहौल है। शुक्रवार को प्रियंका गांधी वापस दिल्ली लौट आयी हैं, लेकिन वह जल्द ही उत्तर प्रदेश का दौरा फिर से कर सकती हैं।

