Politics Of Congress Versus BJP: कांग्रेस पार्टी में बुधवार को नये अध्यक्ष के रूप में मल्लिकार्जुन खड़गे चुन लिये गये हैं। उनकी जीत के बाद टीवी चैनलों में कांग्रेस पार्टी के भविष्य और उसको फिर से मजबूत करने के साथ ही भाजपा से मिल रही चुनौती जैसे मुद्दों को लेकर बहस शुरू हो गई।
एबीपी न्यूज चैनल पर डिबेट में एंकर रूबिका लियाकत के साथ राजनीतिक विश्लेषक अजय आलोक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में खड़गे के निर्वाचन से यह साबित हो गया है कि जी-23 नाम का कोई गुट कांग्रेस में था ही नहीं। तीन लोग जरूर विरोध में थे, उनके पास पार्टी ने बीस लोग अपने भेज दिए ताकि पल-पल की खबर वहां पहुंचती रहे। कहा कि पार्टी नेता अखिलेश प्रताप सिंह चच्चा जी हैं उनसे पूछ लीजिए, वे सब जानते हैं कि कांग्रेस की हालत कैसी है। इस पर एंकर रूबिका लियाकत ने कांग्रेस प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह से आपकी उत्तर प्रदेश में रिश्तेदारी है आप भतीजे अजय आलोक के सवालों का जवाब दे दीजिए। आखिर क्या है आपस का माजरा?
कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा, “जब आदमी को असत्य बोलना ही है तो उसका क्या जवाब दिया जाये। कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से काम करती है। यहां पर सभी फैसले नीचे से ऊपर तक सबकी राय के बाद ही लिये जाते हैं। मतभिन्नता के बाद भी सबकी राय का स्वागत होता है। जबकि भाजपा में तानाशाही है। वहां सभी फैसले ऊपर कुछ लोग ले लेते हैं, बाकी लोगों को केवल सूचना दे दी जाती है।”
हमारे में मीन-मेख निकालने वाले को भी पता है कि कांग्रेस में लोकतंत्र तो है
उन्होंने कहा, “हमारे यहां किसी के विचार से असहमति के बाद भी उसका स्वागत है। हमारे में मीन मेख निकालने वाले को भी पता है कि लोकतंत्र तो है। चुनाव तो हुए हैं।” इस पर एंकर रूबिका लियाकत ने कहा कि आपने लोकतंत्र की एक नई परिभाषा रख दी है। हाथी के दांत की तरह खाने के और दिखाने के और हैं। इस पर अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि जिन लोगों को हम मानते हैं कि हम कुछ भी करें, उनको हमारे में कमियां ही दिखेंगी, उनमें आपको भी हम रखते हैं। हम कुछ भी कर लेंगे आपको अच्छाइयां जल्दी नहीं दिखेंगी। आपको मेरे में अच्छाई नहीं दिखेगी। हम कोई सुल्तान नहीं है कि हम सवाल पसंद नहीं करते हैं, हमें सब सवाल पसंद है, लेकिन आपको हम अच्छे नहीं लगते हैं।
एंकर रूबिका लियाकत ने कहा- “क्यों नहीं पसंद हैं। आप नेहरू जैकेट पहने हैं, अच्छे लग रहे हैं, लेकिन हम पर आक्षेप न लगाइए कि आप कुछ भी करें, हमें आपमें कमियां ही दिखेंगी।”
उनके जवाब में भाजपा प्रवक्ता अपराजिता सारंगी ने कहा, “137 वर्ष का कार्यकाल रहा है कांग्रेस का, इस दौरान केवल छह बार अध्यक्ष का निर्वाचन हुआ है। पिछले बीस वर्षों में भारतीय जनता पार्टी ने नौ अध्यक्षों का चुनाव किया है। और इनके दो अध्यक्ष रहे हैं सोनिया गांधी जी और उनके सुपुत्र राहुल गांधी जी। भाजपा के ये जो नौ अध्यक्ष हैं ये किसी भी परिवार या वंश से नहीं आते थे।”
भाजपा प्रवक्ता ने कहा- 137 वर्ष के कांग्रेस में सिर्फ छह बार अध्यक्ष का निर्वाचन हुआ
अपराजिता ने कहा, “ये लोग जो बोलते हैं बार-बार कि भाजपा वाले अपना अध्यक्ष ठीक ढंग से नहीं चुनते हैं, गणतांत्रिक तरीके से नहीं चुनते हैं, लोकतंत्र नहीं है। मैं आपको बता दूं कि भारतीय जनता पार्टी के संविधान की धारा 19 के अनुसार चुनाव होते हैं। और चुनाव की पूरी प्रक्रिया होती है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जो चुना जाता है, प्रदेश के अध्यक्षों के चुनने के बाद और राज्यों की सारी चुनाव प्रणाली जब समाप्त हो जाती है, तब यहां पर चुनाव होता है। और उसकी पूरी प्रक्रिया जो लिखी गई है, वैसी की जाती है।”
एंकर रूबिका लियाकत ने पूछा कि ऐसी क्या सुपरफास्ट प्रक्रिया है कि नड्डा जी अभी चुने गए और हमको एक आदमी वोट डालता हुआ नहीं दिखा। एक तस्वीर हमारे पास नहीं आई। ऐसा क्या सुपरफास्ट तरीका था।
इस सवाल पर भाजपा प्रवक्ता अपराजिता सारंगी ने कहा, “जहां तक नड्डा जी का सवाल है, उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। और हमें कंटीन्यूटी चाहिए। 2024 में अभी डेढ़ वर्ष के बाद हमारा इलेक्शन है। और यह जो हमारी राजनीतिक पार्टी है, निश्चित रूप से बहुत परिपक्वता के साथ, बहुत समझदारी के साथ और बहुत ही बुद्धिमत्ता के साथ काम करती है।”