पंजाब कांग्रेस में विवाद बढ़ने की संभावना है। पार्टी के वरिष्ठ नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा है कि “सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं” साथ ही उन्होंने कहा कि पंजाबवासियों की बात को उन्होंने कांग्रेस कमेटी तक पहुंचा दी है। सिद्धू कांग्रेस की कमेटी के साथ बैठक के बाद मीडिया से बात कर रहे थे।

सिद्धू ने मीडिया से कहा कि हाईकमान के बुलावे पर दिल्ली आया था। पंजाब जीतेगा, जीतेगी पंजाबियत। हर एक नागरिक को हिस्सेदार और भागीदार बनाना है। हर पंजाब विरोधी ताकत को हराना है। दरअसल, पंजाब में अमरिंदर और सिद्धू के बीच यह खटपट खुलकर तब सामने आई है, जब वहां 2022 में विधानसभा चुनाव होने हैं। प्रदेश स्तर पर पार्टी में दो फाड़ जैसे हालात माने जाते हैं, जिसके बाद केंद्रीय आलाकमान को दखल देनी पड़ी। बताते चलें कि सिद्धू अमरिंदर सिंह पर लगातार हमलावर रहे हैं।

बताते चलें कि पंजाब कांग्रेस में अनबन की खबरों के बीच कांग्रेस हाईकमान ने एक पैनल का गठन किया था। इस पैनल में तीन सदस्य हैं। हरीश रावत की अगुवाई में बनाए गए पैनल ने अब तक लगभग 2 दर्जन विधायकों से दिल्ली में बात की है। मंगलवार को नवजोत सिद्धू , परगट सिंह और अन्य नेताओं ने पैनल से मुलाकात की। बताते चलें कि आने वाले दिनों में कैप्टन अमरिंदर सिंह भी पैनल के सामने अपनी बात रखने वाले हैं।

पार्टी के कई नेता साल 2015 में फरीदकोट के कोटकपुरा में बेअदबी मामले में हुई गोलीबारी की घटना में की गयी कार्रवाई को लेकर नाराज हैं। पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय द्वारा पिछले महीने कोटकपुरा गोलीबारी मामले में जांच रद्द किए जाने के बाद सिद्धू इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की आलोचना कर रहे हैं।

पंजाब में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। लेकिन हाल के दिनों में कई विधायकों ने बागी तेवर दिखाया है। जिसके बाद कांग्रेस आलाकमान की तरफ से पहल की गयी है।