Delhi-NCR Weather: दिल्ली-एनसीआर में गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। पिछले एक सप्ताह से लोग बारिश का इंतजार कर रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा अगले 24 घंटे में तेज आंधी की भी संभावना जताई गई है। आईएमडी के मुताबिक मानसून अब खत्म होने को है। मौसम विभाग के अनुसार, 26 सितंबर को हवाओं की रफ्तार बढ़ेगी, 25 से 30 किलोमीटर घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, बादल गरजेंगे और हल्की बारिश भी हो सकती है। इससे तापमान कुछ गिरेगा, यह 34 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इससे पहले मंगलवार को गर्मी और उमस से तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली। मंगलवार को ह्यूमिडिटी 92% रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले सप्ताह तक मानसून दिल्ली से विदाई लेगा। इस वर्ष सितंबर माह में अब तक दिल्ली में 2022 के बाद सबसे अधिक बारिश 192.5 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। दो साल बाद इस माह सर्वाधिक 14 दिन बारिश वाले रहे हैं। माना जा रहा है कि बारिश का यह रिकॉर्ड भी टूट सकता है। इससे अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री तक पहुंच सकता है। मंगलवार को सुबह से ही धूप खिली रही। मुताबिक अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। वहीं, न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। 2014 में यह 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक आया नगर इलाका सर्वाधिक गर्म रहा।
इन इलाकों के लिए जारी हुआ रेड अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक 24-26 सितंबर के बीच कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात और तटीय कर्नाटक के इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। मानसून के वापसी की लाइन पंजाब के फिरोजपुर, हरियाणा के सिरसा, राजस्थान के चुरू, अजमेर, माउंट आबू और डीसा से होते हुए गुजरात से बन रही है। इसी का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने बुधवार को कोंकण गोवा और मध्य महाराष्ट्र में बुधवार को भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने पश्चिमी गुजरात, उत्तरी कर्नाटक, महाराष्ट्र के कुछ हिस्से, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, त्रिपुरा, मेघालय, मिजोरम और सिक्किम में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
इनपुट-एजेंसी