कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का आज (19 जून) 49वां जन्मदिन है। इस दौरान पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी। वहीं, कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक वीडियो पोस्ट किया और लिखा कि हमें आप पर गर्व है। उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। इसके लिए पीएम मोदी ने राहुल गांधी को ट्वीट किया है।
वीडियो में हाईलाइट की गईं 5 प्रमुख बातें: राहुल गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेस की ओर से ट्विटर पर पोस्ट किए गए वीडियो में उनकी 5 बातों को हाईलाइट किया गया है। साथ ही, कांग्रेस ने राहुल गांधी पर गर्व होने की बात भी लिखी है। बता दें कि इस वीडियो में राहुल गांधी के कई यादगार पल शामिल किए गए हैं। इसमें लिखा गया है कि राहुल गांधी की इन बातों से लोगों को प्रेरणा लेनी चाहिए।
National Hindi News, 19 June 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
इन 5 बातों का किया जिक्र: कांग्रेस द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो में राहुल गांधी द्वारा हिंदुस्तानी होने का मतलब समझाने की जिक्र है। बता दें कि राहुल गांधी ने कहा था, ‘‘हिंदुस्तानी का मतलब चाहे कोई तुम्हें कुछ कह दे। झूठी बात कहे, चाहे लाठी मारे या गाली दे। तुम्हारे दिल में उसके लिए प्यार होना चाहिए। इसके बाद देश को एकजुट करने की बात कही गई है। राहुल गांधी के मुताबिक, ‘‘हमें भारत को एक बार फिर साथ लाना होगा। हमें सभी धर्मों, समुदायों, लोगों और राज्यों को एक साथ लाना होगा। कोई अनेक धर्म, अनेक जाति नहीं है, सबसे पहले देश है।’’
Bihar News Today, 19 June 2019: बिहार से जुड़ी हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
भारत की नई कल्पना और नारी शक्ति को बढ़ावा देने की बात: राहुल गांधी ने एक जनसभा में कहा था, ‘‘भारत की प्रकृति 1.3 अरब विचार हैं। आप वास्तव में उसे दबा नहीं सकते। स्पष्ट रूप से यही भारत की ताकत है, इसलिए मेरे लिए भारत को फिर से परिभाषित करना, उन 1.3 अरब विचारों को पनपने की अनुमति देने जैसा है।’’ वहीं, नारी शक्ति को लेकर राहुल गांधी ने कहा था, ‘‘महिलाओं के रूप में आपके पास हर उस स्थान का अधिकार है, जिसकी आप हकदार हैं। जिंदगी में कई ऐसे मौके आएंगे, जब आपको लोग बताएंगे कि आप महिला हैं आपको यह नहीं करना चाहिए। आपको अपना जवाब पता होना चाहिए।’’
कांग्रेस के आदर्श हैं राहुल गांधी: राहुल गांधी ने एक जनसभा में पीएम मोदी व बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा था, ‘‘आपके अंदर मेरे लिए नफरत है। मेरे लिए गुस्सा है, मगर मेरे अंदर आपके लिए इतना-सा भी गुस्सा नहीं है। इतनी-सी भी नफरत नहीं है। मैं कांग्रेस हूं और यह सब कांग्रेस हैं।’’
पीएम मोदी ने ऐसे दी बधाई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने ट्वीट में लिखा, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष श्री राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई। मैं उनकी लंबी उम्र और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।’’

