कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप और हत्या मामले में डॉक्टर अब भी हड़ताल पर हैं। हाईकोर्ट ने मामले की सीबीआई जांच का आदेश दिया है। सीबीआई बुधवार को केस अपने हाथ में ले लेगी। इस बीच टीएमसी सांसद सुखेंदु शेखर रॉय का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने विरोध कर रहे डॉक्टरों के समर्थन के ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि में प्रदर्शनकारी डॉक्टरों को ज्वाइन करने जा रहा हूं। उन्होंने लोगों से भी इस प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।

सुखेंदु शेखर ने क्या कहा?

सुखेंदु शेखर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया कि ‘मैं प्रदर्शनकारियों को ज्वाइन करने जा रहा हूं। लाखों बंगाली परिवारों की तरह मेरी भी एक बेटी और छोटी पोती है। हमें इस मौके पर उठ खड़ा होना चाहिए। महिलाओं के खिलाफ क्रूरता बहुत हो चुकी है। चाहे कुछ भी हो जाए, हमें इस पर साथ मिलकर विरोध करना चाहिए।’

FORDA ने वापस ली हड़ताल लेकिन एम्स के डॉक्टर अड़े

डॉक्टर से रेप के मामले में सोमवार से देशभर में डॉक्टर हड़ताल पर थे। उनकी ओर से ओपीडी सेवाओं को भी बंद कर दिया गया। FORDA ने उस हड़ताल से अपना समर्थन वापस ले लिया है। FORDA के सदस्यों ने भी जेपी नड्डा से मुलाकात की थी, जब उनकी सभी मांगों को स्वीकार कर लिया गया, सदस्यों ने वापस ड्यूटी पर लौटने का फैसला किया। हालांकि AIIMS के डॉक्टर्स ने हड़ताल खत्म करने से मना कर दिया है। FAIMA भी स्ट्राइक को पूरा समर्थन दे रहा है।

हाईकोर्ट ने सीबीआई को सौंपा मामला?

मंगलवार को कोलकाता हाईकोर्ट ने इस मामले को सीबीआई को सौंप दिया। सीबीआई आज 10 बजे केस को अपने हाथ में ले लेगी। कोर्ट में इस मामले की सुनवाई के दौरान पुलिस पर कई गंभीर आरोप भी लगाए गए। सुनवाई के दौरान वकील बिल्वदल भट्टाचार्य ने कहा इस मामले को पुलिस के पास रखने से सारे सबूत नष्ट हो जाएंगे। इस भीषण हत्या के बावजूद, शव इतनी रक्तरंजित अवस्था में और अर्धनग्न होने के बावजूद, पुलिस आत्महत्या का मामला दर्ज करने में काफी लापरवाही बरत रही थी और इसमें पुलिस को काफी समय लग गया।

क्या है पूरा मामला?

8-9 अगस्त की रात कोतकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में एक ट्रेनी महिला डॉक्टर की लाश मिली थी। 31 साल की यह डॉक्टर उस दिन तीन और डॉक्टर्स के साथ नाइट ड्यूटी पर थी। महिला डॉक्टर रात को करीब दो बजे सोने के लिए अस्पताल के सेमिनार हॉल में चली गई। सुबह इसकी खून से लथपथ निर्वस्त्र लाश मिली। इस मामले में अस्पताल में ही काम करने वाले संजय रॉय को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है।