Akash Ambani in Times 100 Next List 2022: रिलायंस जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी का नाम टाइम मैग्जीन की “टाइम100 नेक्स्ट” की लिस्ट में शामिल किया गया है। वह अकेले भारतीय हैं, जिन्हें इस लिस्ट में शामिल किया गया है। वहीं, इस लिस्ट में भारतीय मूल की आम्रपाली गन को भी शामिल किया गया है, जो सोशल मीडिया मंच ओनलीफैन्स की सीईओ हैं।

टाइम100 नेक्स्ट में दुनियाभर के ऐसे उभरते 100 सितारों को स्थान दिया जाता है, जो विश्व को बेहतर बनाने और भविष्य को परिभाषित करने के लिए असाधारण प्रयास करते हैं।

टाइम ने आकाश के बारे में कहा कि वह भारतीय बिजनेसमैन फैमिली से ताल्लुक रखते हैं और उनसे व्यापार में वृद्धि की उम्मीद की जाती है। वह कड़ी मेहनत भी कर रहे हैं। 30 वर्षीय जूनियर अंबानी को जून में 426 मिलियन से अधिक ग्राहकों के साथ भारत की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी Jio के चेयरमैन के रूप में पदोन्नत किया गया था।

आकाश अंबानी के बारे में टाइम मैगजीन ने कहा कि उन्होंने गूगल और फेसबुक के साथ अरबों डॉलर निवेश वाली डील्स को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मैगजीन ने कहा कि आकाश ने सिर्फ 22 साल की उम्र में ही जियो बोर्ड में जगह पा ली थी, जो कि एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

टाइम ने कहा कि लिस्ट में उन 100 उभरते हुए नेताओं को शामिल किया गया है जो व्यापार, मनोरंजन, खेल, राजनीति, स्वास्थ्य, विज्ञान और सक्रियता के भविष्य को आकार दे रहे हैं। इस सूची में अमेरिकी गायक एसजेडए, अभिनेत्री सिडनी स्वीनी, बास्केटबॉल खिलाड़ी जा मोरेंट, स्पेनिश टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्कराज, अभिनेता और टेलीविजन व्यक्तित्व केके पामर और पर्यावरण कार्यकर्ता फरविजा फरहान का भी नाम है।

आम्रपाली गन को ओनलीफैन्स के सीईओ के रूप में नियुक्त किया गया था, जो एक कंटेंट क्रिएटर्स की साइट है। टाइम ने कहा कि उनके नेतृत्व में, OnlyFans ने एक सुरक्षा और पारदर्शिता केंद्र शुरू किया और मंच की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।