तीन साल की एक बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले ने राष्ट्रीय राजधानी को एक बार फिर शर्मसार कर दिया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि पीड़ित बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाले ने उसके गुप्तांगों में लकड़ी डाल दी। आरोपी की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।
पीड़ित बच्ची की हालत स्थिर है और उसे उपचार के लिए सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि दक्षिणी दिल्ली के सरोजनी नगर पुलिस थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की पहचान के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस को इस मामले की सूचना सफदरजंग अस्पताल से मिली, जहां पर बच्ची को शनिवार रात इलाज के लिए लाया गया था। डॉक्टरों ने कहा कि बच्ची का उपचार किया गया और उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।
बहरहाल, उसे अस्पताल के आईसीयू वॉर्ड में रखा गया है। बच्ची का ताल्लुक एक गरीब परिवार से है और उसके पिता रेहड़ी लगाते हैं।
उसके परिवार को बलात्कार की घटना में एक पड़ोसी के शामिल होने का शक है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित कर दी गईं हैं और उसकी तलाश में दबीश दी जा रही है। वह घटना के बाद से ही फरार है।