मंगलवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भोपाल से इन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इस योजना के तहत तीन राज्य गोवा, बिहार और झारखंड को पहली वंदे भारत ट्रेन मिलने जा रही है और मध्य प्रदेश को एक साथ दो वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिलेगी। इसकी मदद से जहां एक तरफ इन राज्यों में पर्यटन को बढ़ावा मिल सकेगा। वहीं दूसरी तरफ यात्रियों के लिए अत्याधुनिक रेल सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

प्रधानमंत्री मोदी जिन मार्गों पर ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे। उनमें भोपाल से रानी कमलापति-जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस, खजुराहो-भोपाल-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस, मडगांव-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस, धारवाड़-बंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस और हटिया-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। रानी कमलापति-जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस को छोड़कर बाकी चार ट्रेनों को प्रधानमंत्री वर्चुअली हरी झंडी दिखाएंगे।

इसके साथ ही तीन राज्यों गोवा, बिहार और झारखंड को पहली वंदे भारत ट्रेन मिलने जा रही है। मध्य प्रदेश को एक साथ दो वंदे भारत ट्रेन मिलने जा रही है। रानी कमलापति-जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस मध्य प्रदेश के महाकौशल इलाके को राजधानी भोपाल से जोड़ेगी। यह ट्रेन राज्य के कई पर्यटन स्थलों से होकर गुजरेगी। इनमें भेड़ाघाट, पंचमढ़ी और सतपुड़ा आदि पर्यटन स्थल शामिल है। इसी तरह खजुराहो-भोपाल-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस राज्य के मालवा और बुंदेलखंड को भोपाल से जोड़ेगी।

इससे महाकालेश्वर, मांडू, महेश्वर, खजुराहो और पन्ना जाने वाले यात्रियों को लाभ मिलेगा। यह ट्रेन इस रूट पर अभी चलने वाली ट्रेनों से ढाई घंटे पहले गंतव्य तक पहुंचाएगी। गोवा को भी पहली वंदे भारत ट्रेन मिलने जा रही है। मडगांव-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और गोवा के मडगांव स्टेशन के बीच दौड़ेगी। यह इस रूट पर अभी चलने वाली ट्रेनों की तुलना में एक घंटा कम समय लेगी।