बॉलीवुड के मशहूर चरित्र कलाकार ओम पुरी ने पाकिस्तान में जाकर भारत के दक्षिणपंथियों (राइटविंग) को फटकार लगाई है। पाकिस्तानी मीडिया के साथ भारत में हुए दादरी कांड और बीफ विवाद पर अपनी बात रखते हुए ओम पुरी ने कहा, ‘दादरी की घटना की वजह से पूरे देश को शर्मिंदा होना पड़ा है।’ उन्होंने उन्होंने बीफ खाने पर प्रतिबंध की बात करने वालों को पाखंडी करार दिया है। ओम पुरी ने कहा कि बीफ निर्यात से हमारी जबर्दस्त कमाई होती है। बैन से क्या बड़ी संख्या में लोग भूखे नहीं मर जाएंगे? उन्होंने कहा कि भारत की 80 प्रतिशत से ज्यादा आबादी धर्मनिरपेक्ष है। इस आबादी को पाकिस्तान से प्यार है, वो अपने इस पड़ोसी देश से नफरत नहीं करते। उन्होंने कहा कि दोनों देशों में कुछ लोग इस तरह के हैं, जो जहर भरने का काम करते हैं। सच यह है कि बड़ी आबादी मुहब्बतों की कायल है। नफरतों की नहीं, लाहौर की बारे में सवाल करने पर ओमपुरी ने कहा कि एक समय पर लाहौर हिन्दुस्तानी फिल्म इंडस्ट्री का केंद्र होता था, मुंबई नहीं। उन्होंने कहा कि लाहौर ऐतिहासिक शहर है। लाहौर के रफी-पीर फिल्म फेस्टिवल में ओम पुरी के अलावा निर्देशक मधुर भंडारकर भी गए हैं।
आमिर खान पर भी साधा था निशाना: एक्टर ओम पुरी ने कुछ दिनों पहले आमिर खान के असहिष्णुता वाले बयान की भी निंदा की थी। एक टीवी चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा था, ‘आमिर को अपने कहे के लिए माफी मांगनी चाहिए। अगर किसी आम इंसान ने ऐसी बात की होती तो उसे गिरफ्तार कर लिया जाता। आप लोगों को एक-दूसरे के प्रति भड़काने की कोशिश कर रहे हैं।’

