आज के दौर में बिना इंटरनेट की मदद के किसी व्यापार को करने के बारे में सोचा भी नहीं जा सकता है। इंटरनेट पर कई वेबसाइट हैं जो आपके बिजनेस को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में मदद करती हैं। इतना ही नहीं ये वेबसाइट आपके उत्पादों या सेवाओं के बारे में बेहतर तरीके से लोगों तक सूचनाएं पहुंचा पाती हैं।

गूगल एड’ : गूगल वह जगह है जहां लोग खोज करते हैं कि क्या करना है, कहां जाना है और क्या खरीदना है। आपके व्यापार का विज्ञापन गूगल पर उसी समय दिख सकता है, जब कोई आपके जैसे उत्पाद या सेवाओं की तलाश में हो। चाहे वे डेस्कटाप पर हो या मोबाइल पर, सही समय पर दिखाया गया विज्ञापन लोगों को आपका खास ग्राहक बना सकता है।

‘गूगल एड’ पर बहुत कम धनराशि से आप अपने व्यापार को लाखों लोगों तक ले जा सकते हैं। ‘गूगल एड’ पर आप आपने हर महीने के विज्ञापन खर्च की सीमा तय कर सकते हैं और यह आपकी सीमा के मुताबिक ही आपके विज्ञापनों को लोगों तक ले जाएगा। ‘गूगल एड’ को इस्तेमाल करना भी बहुत आसान है।

इसके लिए ‘गूगल एड’ की वेबसाइट पर जाना होगा और पंजीकरण करना होगा। इसके बाद आप खुद ही अपना विज्ञापन बना सकते हैं और उसके अपने मनचाहे स्थान पर प्रदर्शित कर सकते हैं। यहां पर हर समय मदद उपलब्ध है और कई वीडियो के जरिए भी आप खुद से विज्ञापनों के विभिन्न पहलुओं के बारे में आसानी से सीख सकते हैं।

सोशल मीडिया : सोशल मीडिया की विभिन्न वेबसाइट, जिनमें फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर, यूट्यूब, लिंक्डइन आदि शामिल हैं, भी व्यापार को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में सहायता करती हैं। आप अपने व्यापार के नाम से इन वेबसाइट पर आसानी से ‘अकाउंट’ बना सकते हैं। इन सोशल मीडिया वेबसाइट का उपयोग खास से आम लोगों तक सभी करते हैं। इसके बाद अपने उत्पाद या सेवाओं को इन वेबसाइट के जरिए आम लोगों तक पहुंचा सकते हैं।

सोशल मीडिया के जरिए आपको इतने अधिक ग्राहक मिल सकते हैं जिसकी आप कल्पना भी नहीं कर सकते हैं। इसके अलावा इन वेबसाइट के जरिए आपके व्यापार, उत्पाद या सेवाओं की ख्याति बढ़ती है। आपके उत्पाद या सेवाएं लोगों के बीच अपनी जगह बनाने में कामयाब होते हैं। लोगों इन पर आसानी से विश्वास करने लगते हैं। इसके बाद ही आपका व्यापार तेजी से बढ़ना शुरू हो जाता है।

प्रस्तुति : सुशील राघव