कुछ जागरूक लोगों को छोड़ दें तो अधिकतर नागरिकों को इन योजनाओं के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं होती है। जिस वजह से ज्यादातर लोग इन सरकारी योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह जाते हैं। कई बार तो लोगों को इन योजनाओं की आधी अधूरी जानकारी ही प्राप्त हो पाती है और कई मामलों में देखा गया है कि कई ठग आम लोगों की अनभिज्ञता का फायदा उठाकर उन्हें आर्थिक नुकसान तक पहुंचा देते हैं।

आज हम आपको एक ऐसा तरीका बताने जा रहे हैं जिसका उपयोग करके हर उम्र और हर वर्ग का नागरिक अपने लिए सरकारी योजनाओं का पता कर सकता है। केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए सरकार की ओर से एक पोर्टल (मायस्कीम डाट जीओवी डाट इन) बनाया गया है। इस पोर्टल पर सभी सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध है। अपने बारे में कुछ आधारभूत जानकारी उपलब्ध कराके आप अपने काम की सरकारी योजना तक पहुंच सकते हैं। इसी वेबसाइट से योजनाओं के लिए आवेदन भी किया जा सकता है।

इस पोर्टल पर कुल 312 योजनाओं की जानकारी दी गई है। इनमें कृषि, ग्रामीण व पर्यावरण की 10 योजनाएं, बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं व बीमा की 39, व्यापार एवं उद्यमिता की 18, शिक्षण व अधिगम की 71, स्वास्थ्य व कल्याण की 22, आवास एवं आश्रय की 10, सार्वजनिक सुरक्षा, कानून व न्याय की दो योजनाएं, विज्ञान, आइटी एवं संचार की छह, कौशल व रोजगार की 22, सामाजिक कल्याण एवं सशक्तिकरण की 78, खेल व संस्कृति की 12, आवागमन एवं बनावट की पांच, यात्रा व पर्यटन की दो और उपयोगिता एवं स्वच्छता की 15 योजनाएं शामिल हैं। इस वेबसाइट पर कुछ राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों की सरकारी योजनाएं भी उपलब्ध हैं। जल्द ही अन्य राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों की योजनाएं भी यहां उपलब्ध होंगी।

प्रस्तुति : सुशील राघव