दिल्ली और पड़ोसी राज्यों में सर्दी ने अपना ज़ोर दिखाना शुरू कर दिया है। दिसंबर की शुरुआत में इतनी ठंड आने वाले दिनों में सर्दी के और बढ़ने की तरफ इशारा कर रही है। दिल्ली में शीतलहर जारी है। पारा लगातार गिर रहा है। रविवार की सुबह दिल्ली में कोहरे की हल्की चादर छाई रही और भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था। यहां हम जानेंगे, दिल्ली समेत अन्य राज्यों के मौसम का हाल?

रैन बसेरों में पहुंच रहे लोग

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 14.77 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 22.61 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिल्ली में तापमान गिरावट के बाद कई लोगों ने शहर के आस-पास के रैन बसेरों में शरण ली है। जामा मस्जिद इलाके में एक आश्रय गृह में ली गई तस्वीरों में लोग मोटे कंबलों में सोते हुए दिखाई दे रहे हैं। आश्रय गृह के एक कर्मचारी ने बताया कि शनिवार रात को करीब 40 लोगों ने यहां शरण ली थी।

राजस्थान में कैसा है मौसम?

अधिकारियों ने बताया कि रविवार को राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में शीतलहर की स्थिति बनी रही और फतेहपुर में लगातार तीसरे दिन न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, फतेहपुर में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। चूरू में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री, भीलवाड़ा में 2.2 डिग्री, संगरिया, पिलानी और सिरोही में 2.6 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 3.2 डिग्री और अलवर में 4 डिग्री रहा।

सर्दियों में दूध के साथ इन 5 चीजों को मिलाकर पी लें, सर्दी-खांसी ही नहीं पुरानी बीमारियां भी हो जाएंगी छूमंतर

पंजाब-हरियाणा में कड़ाके की ठंड

हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में शीतलहर जारी है। पंजाब के फरीदकोट में सबसे ज़्यादा ठंड पड़ रही है। हरियाणा के करनाल में भी ज़्यादा सर्दी है।  चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत के राज्यों में ठंड का असर बढ़ेगा। पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में हो रही बर्फबारी से ठंड का असर बढ़ रहा है।