दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर आपत्तिजनक बयान देने के आरोप में भाजपा नेता तजिंदरपाल सिंह बग्गा को कुरुक्षेत्र से दिल्ली लाया जा रहा है। तजिंदर बग्गा को पंजाब पुलिस ने शुक्रवार (6 मई 2022) को गिरफ्तार किया था और उनके खिलाफ पटियाला में केस दर्ज हुआ था। बग्गा की गिरफ्तारी पर बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने सीएम केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि जब बंदर के हाथ में उस्तरा मिलता है तो वह किसी की भी हजामत करने लगता है। उन्होंने भाजपा नेता के अरेस्ट को अरविंद केजरीवाल की तानाशाही और पुलिस का दुरुपयोग बताया।
तजिंदर पाल सिंह बग्गा की गिरफ्तारी पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी के कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। वहीं, दूसरी ओर एडिशनल सॉलिसिटर जनरल सत्यपाल जैन ने बग्गा की गिरफ्तारी के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस बग्गा को लेकर वापस चली गई और अब आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पंजाब पुलिस कर्मियों पर अपहरण का केस दर्ज: एएसजी ने कहा कि हमने पंजाब पुलिस से किसी को गिरफ्तार या हिरासत में नहीं लिया है। उन्होंने उसे गिरफ्तार करने से पहले दिल्ली पुलिस को सूचित नहीं किया और खुद उसे हिरासत में ले लिया। मामले की सुनवाई शनिवार (7 अप्रैल) सुबह 10 बजे होगी। वहीं, तजिंदर बग्गा के पिता के बयान पर जनकपुरी थाने में पंजाब पुलिस कर्मियों पर अपहरण का मामला दर्ज किया गया है। दिल्ली पुलिस ने पंजाब पुलिस के तीन जवानों को हिरासत में लिया है।
जनकपुरी थाने में FIR दर्ज: तजिंदर बग्गा के पिता प्रीत पाल सिंह बग्गा की शिकायत पर जनकपुरी थाने में धारा 452, 365, 342, 392, 295 34 के तहत FIR दर्ज की गई, जिसमें उनके बेटे की गिरफ्तारी से पहले की घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई थी। FIR में कहा गया है कि पुरुषों का एक ग्रुप हथियार लेकर उनके घर में घुस आया और उन्होंने तजिंदर के बारे में पूछा। जब प्रीत पाल ने उनसे सवाल किया तो उन्होंने उन्हें थप्पड़ मार दिया। इसके बाद उन्होंने बग्गा और उसके परिवार की पिटाई कर दी।
FIR में यह भी कहा गया है कि तजिंदर बग्गा ने जब उनसे आग्रह किया कि वे ले जाने से पहले पगड़ी पहनने दें, लेकिन उन्होंने उसे खींच लिया। पिता प्रीत पाल का कहना है कि उन्हें शक है कि उनके बेटे को मार दिया जा सकता है। उन्होंने अनुरोध किया कि तजिंदर की जान बचाई जाए।
मां ने बताया राजनीतिक बदला: दूसरी ओर तजिंदर बग्गा की मां ने कहा कि ये राजनीतिक बदले की भावना है क्योंकि तजिंदर RTI के माध्यम से मोहल्ला क्लीनिक, स्कूल और अस्पताल का खुलासा करता है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल को लगता है कि ये हमारा खुलासा करेंगे तो इनको रास्ते से हटाना पड़ेगा। जो भी इनके खिलाफ आवाज उठाता है ये उसको दबाने की कोशिश करते हैं।
क्या है मामला? तजिंदरपाल सिंह बग्गा को शुक्रवार सुबह पंजाब पुलिस ने दिल्ली स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था। बग्गा को गिरफ्तार कर पंजाब ले जा रही पुलिस को हरियाणा पुलिस ने कुरुक्षेत्र में रोक लिया था। काफी देर तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पंजाब पुलिस ने बग्गा को दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया।
