चंडीगढ़। ‘स्वच्छ भारत मिशन’ को जनांदोलन बनाने के लिए पंजाब, हरियाणा और केंद्रशासित चंडीगढ़ में अधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने आज महात्मा गांधी की 145 वीं जयंती पर स्वच्छता अभियान शुरू किया।
अधिकारियों ने यहां बताया कि इस अभियान का उद्देश्य देश को स्वच्छ बनाना है।
पंजाब में कार्यालयों, पुलिस मुख्यालयों, राजभवन आदि स्थानों पर यह अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्कूली बच्चों ने इस अवसर पर स्वच्छता की शपथ ली।
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि यहां पंजाब पुलिस मुख्यालय में अधिकारियों को पंजाब पुलिस महानिदेशक सुमेध सिंह की उपस्थिति में स्वच्छता की शपथ दिलायी गयी।
प्रवक्ता के अनुसार उससे पहले एक समग्र स्वच्छता अभियान क तहत पूरे पुलिस मुख्यालय और कार्यालयों की साफ-सफाई की गयी और नियमित आधार पर ऐसा करने का निर्देश जारी किया गया।
इस बीच पंजाब के राज्यपाल शिवराज पाटिल ने पंजाब राजभवन में महात्मागांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
उन्होंने कर्मचारियों से स्वच्छता की आदत डालने, अपने परिवारों को इस विषय पर शिक्षित बनाने एवं दूसरे को प्रोत्साहित करने की अपील की।
हरियाणा में भी विभिन्न क्षेत्रों के लिए लोगों ने इस अभियान में हिस्सा लिया।