दिल्ली चुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत में जिस सामाजिक जनसांख्यिकी ने अहम रोल अदा किया, वह है महिलाओं का समर्थन, जिसकी वजह से आम आदमी पार्टी दिल्ली में प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापस आयी है। इस बार चुनाव में महिला मतदाताओं ने आप पार्टी का पुरुषों की तुलना में ज्यादा समर्थन किया। इसने उस सोच को भी बदला है, जिसमें कहा जाता है कि महिलाएं पुरुषों की सलाह पर वोट देती हैं।

एक सर्वे में खुलासा हुआ है कि यदि महिलाएं इतनी बड़ी तादाद में आप पार्टी का समर्थन नहीं करतीं तो आप पार्टी को इतनी बड़ी जीत नहीं मिलती और दिल्ली में मुकबला कड़ा हो सकता था।

लोकनीति-सीएसडीएस ने इस संबंध में एक सर्वे किया है, जिसे द इंडियन एक्सप्रेस ने एक्सेस किया है। सर्वे के मुताबिक दिल्ली चुनाव में 60 फीसदी महिलाओं ने आप को वोट दिया, जबकि पुरुषों में यह आंकड़ा 49 फीसदी रहा। इस तरह महिलाओं ने पुरुषों की तुलना में 11 फीसदी ज्यादा आप को वोट दिया।

सर्वे के अनुसार, भाजपा और कांग्रेस को पुरुषों की तुलना में क्रमशः 8 प्रतिशत और 2 प्रतिशत कम महिलाओं ने वोट दिया है।  उल्लेखनीय है कि आम आदमी पार्टी को मिले महिलाओं के समर्थन ने ही भाजपा पर 25 प्रतिशत की बढ़त दिलायी है, जबकि पुरुष मतदाताओं में यह आंकड़ा 6 प्रतिशत है।

लोकनीति-सीएसडीएस 1998 से लगातार दिल्ली चुनाव को लेकर सर्वे कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने कभी भी वोटिंग प्रतिशत में लिंग के आधार पर इतना अंतर नहीं देखा है। यहां तक कि दिल्ली में शीला दीक्षित के समय भी ऐसा नहीं हुआ था।

खास बात ये है कि यह जेंडर गैप सभी जातियों, समुदायों और उम्र सीमा के मतदाताओं में देखा गया है। दिल्ली में एक भी समुदाय ऐसा नहीं है, जहां महिलाओं ने पुरुषों की तुलना में भाजपा को ज्यादा वोट दिया हो। इसी तरह किसी भी समुदाय के पुरुषों ने आम आदमी पार्टी को इतना समर्थन नहीं दिया है, जितना की उस समुदाय की महिलाओं ने दिया है।

माना जा रहा है कि आप सरकार द्वारा लायी गई महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा योजना के चलते वोटिंग प्रतिशत में लिंगानुपात के आधार पर यह बदलाव देखने को मिला है। सर्वे के अनुसार, 50 फीसदी गृहणियों ने इस योजना का लाभ उठाया।

बता दें कि पिछले विधानसभा चुनाव में आप को 49 फीसदी महिलाओं ने वोट किया था। वहीं भाजपा को उस चुनाव में 43 फीसदी महिलाओं ने अपना वोट दिया था। इस बार आप को 60 फीसदी और भाजपा को सिर्फ 35 फीसदी महिलाओं ने वोट दिया।