भारतीय सेना ने दो साल पहले पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में सर्जिकल स्ट्राइक की थी। देश के जांबाज कमांडोज ने तब वहां घुस कर तबाही मचाई और आतंकियों के बेस कैंप को नेस्तनाबूद कर दिया था। गुरुवार (27 सितंबर) को पाकिस्तान के खिलाफ उसी बड़ी सैन्य कार्रवाई के दो वीडियो जारी हुए। न्यूज एजेंसी एशियन न्यूज इंटरनेशनल (एनएनआई) ने ये दोनों क्लिप जारी की हैं।

29 सितंबर 2016 को की गई सर्जिकल स्ट्राइक से जुड़े पहले वीडियो में टारगेट एरिया को दिखाया गया, जहां पर आतंकियों ने अपना लॉन्च पैड बना रखा था। वहां दो लॉन्च पैड्स थे, जिनके नजदीक पाकिस्तानी सेना की चौकी भी थी। टारगेट एरिया पर विस्फोट के बाद वहां जोरदार धमाके हुए थे, जो कि इस वीडियो में साफ देखा जा सकते हैं-

वहीं, इस सैन्य कार्रवाई से जुड़ी दूसरी वीडियो क्लिप में पाकिस्तानी सेना की चौकी के पास वाले टारगेट एरिया को और करीब से दिखाया गया। आगे धमाके से आतंकियों के कैंप में मचने वाले तबाही भी दर्शाई गई। आप भी देखिए कि आखिर तब हुआ क्या था-

https://twitter.com/ANI/status/1045231995544952832

आपको बता दें कि इस साल 29 सितंबर को सर्जिकल स्ट्राइक को दो साल पूरे हो जाएंगे। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार इस सैन्य कार्रवाई की दूसरी वर्षगांठ मनाएगी। सरकार इस बाबत 28 से 30 सितंबर के बीच पराक्रम पर्व धूमधाम से मनाएगी, जिसकी तैयारियां इन दिनों जोरों पर हैं।

यह कार्यक्रम देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित इंडिया गेट पर होगा, जिसका श्रीगणेश खुद पीएम करेंगे। कार्यक्रम के लिए एक गीत भी तैयार किया जा रहा है। महोत्सव में देश की तीनों सेनाएं बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेंगी। साथ ही एक ‘सेल्फी वॉल’ भी होगी, जहां लोग सेल्फियां खींच पाएंगे।

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो पराक्रम पर्व पर सर्जिकल स्ट्राइक के वीडियो भी लोगों को दिखाए जाएंगे। आपको बता दें कि इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और उनकी पार्टी ने कई बार सर्जिकल स्ट्राइक पर सवालिया निशान लगाए थे। यहां तक कि कांग्रेस का आरोप था कि मोदी सरकार इस मुद्दे के नाम पर जनता को भटका रही है।