दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अंतरिम जमानत मिलने पर उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल की तरफ से भी प्रतिक्रिया आई है। वह अपने पति को रिसीव करने के लिए तिहाड़ जेल पहुंचीं थीं। उन्होंने X पर पोस्ट कर कहा कि यह लाखों करोड़ों लोगों की दुआओं और आशीर्वादका फल है। सभी को कोटि-कोटि धन्यवाद। उन्होंने X पर पोस्ट कर कहा, “हनुमान जी की जय? ये लोकतंत्र की जीत है। लाखों – करोड़ों लोगों की दुआओं और आशीर्वाद का फल है। सभी को कोटि कोटि धन्यवाद ?”

सत्य की एक और जीत- अखिलेश

केजरीवाल को अंतरिम जमानत मिलने के बाद यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा,  “दिल्ली के लोकप्रिय मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल जी की जमानत सत्य की एक और जीत है। ‘इंडिया गठबंधन’ की शक्ति और एकजुटता भाजपा के दुख-दर्द देनेवाले राज से भारत की जनता को मुक्ति दिलवाने जा रही है। एकजुट होकर मतदान का संकल्प लें!”

लोगों का लोकतंत्र में विश्वास बढ़ेगा- दिल्ली कांग्रेस

कांग्रेस की दिल्ली इकाई के प्रमुख देवेंद्र यादव ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अंतरिम जमानत दिए जाने के फैसले का स्वागत किया और कहा कि इससे लोकतंत्र में लोगों का विश्वास बढ़ेगा। उन्होंने कहा, “हम कहते आए हैं कि भाजपा और इसके नेताओं ने लोकतांत्रिक संस्थाओं पर कब्जा कर लिया है। इसकी वजह से मौजूदा मुख्यमंत्रियों तक को जेल जाना पड़ा है। मैं उन्हें जमानत प्रदान करने के लिए उच्चतम न्यायालय की सराहना करता हूं। इससे लोगों का लोकतंत्र में विश्वास बढ़ेगा।”

हिमंत बिस्व सरमा बोले- केजरीवाल चोर हैं, प्रचार के लिए जमानत मिली है

बीजेपी नेता और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शरमा ने कहा कि कोर्ट ने केजरीवाल को निर्दोष नहीं साबित किया है। केजरीवाल चोर हैं उन्हें अदालत ने सिर्फ 1 महीने की बेल चुनाव प्रचार के लिए दी है।कोई भी सम्मानित व्यक्ति इस जमानत को स्वीकार नहीं करेगा। यह किस तरह की जमानत है कि आप बाहर जा सकते हैं लेकिन 2 जून को वापस आना है।

राजीव शुक्ला ने कहा – लोकतंत्र के लिए जरूरी था ये फैसला

सुप्रीम कोर्ट से केजरीवाल को अंतरिम जमानत मिलने पर कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने भी खुशी जताई। उन्होंने कहा की यह फैसला लोकतंत्र के लिए जरूरी था। केजरीवाल अब जनता के सामने जाएंगे, जनमत का जो फैसला आएगा उसका हमलोग स्वागत करेंगे।