वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पत्थर फेंके जाने की कई घटनाएं सामने आई हैं लेकिन मंगलवार को जो हुआ वह चौंकाने वाला था। न्यूज एजेंसी PTI द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को दक्षिण भारत के दो राज्यों में चार अलग-अलग स्थानों पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पत्थर फेंके गए हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वंदे भारत ट्रेन पर पत्थर फेंके जाने की यह घटना कर्नाटक और आंध्र प्रदेश की अलग-अलग जगहों पर हुई है। हालांकि गनीमत यह रही कि इन चारों की घटनाओं में ट्रेन की खिड़कियों को नुकसान जरूर हुआ है लेकिन कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ है।
साउथ वेस्टर्न अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ये घटनाएं रविवार की हैं। इन मामलों में तीन अलग-अलग केस फाइल किए गए हैं और जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि पहली घटना सुबह सवा छह बजे ट्रेन संख्या 20661 के साथ हुई। घटना के समय इस वंदे भारत ने चिक्कबनावारा रेलवे स्टेशन ही पार किया था।
पुलिस ने शुरू की जांच
दूसरी घटना दोपहर तीन बजकर बीस मिनट पर उस समय हुई जब ट्रेन संख्या 20662 धारवाड़ से बेंगलुरु सिटी रेलवे स्टेशन की तरफ जा रही थी। तीसरी घटना शाम साढ़े चार बजे ट्रेन संख्या 20608 के साथ हुई। यह वंदे भारत ट्रेन मैसूर से चेन्नई सेंट्रल जा रही थी। यह घटना आंध्र प्रदेश में कुप्पम रेलवे स्टेशन के पास हुई।
चौथी घटना शाम 8 बजे ट्रेन संख्या 20704 के साथ उस समय हुई जब वह आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के धर्मावरम जंक्शन के पास से गुजर रही थी। SWR अधिकारियों ने बताया कि रेलवे एक्ट के तहत संबंधित धाराओं में अलग-अलग मामले दर्ज कर लिए गए हैं और गुनाहगारों को पकड़ने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।