मोदी कैबिनेट ने लड़कियों की शादी की उम्र 18 साल से बढ़ाकर 21 साल करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। शादी के लिए उम्र बढ़ाए जाने के फैसले पर सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क ने विवादित बयान देते हुए कहा कि इससे आवारगी बढ़ जाएगी। एक टीवी डिबेट के दौरान जब समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता से इसको लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने सपा सांसद के बचकाने बयान से किनारा कर लिया और पत्रकारों पर ठीकरा फोड़ने लगे।
आजतक न्यूज चैनल पर टीवी डिबेट के दौरान सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क के विवादित बयान को लेकर जब सपा प्रवक्ता अनुराग भदौरिया से सवाल पूछा गया तो उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि पार्टी उनके साथ खड़ी नहीं हैं। वे 92-93 साल के हैं और ये कुछ पत्रकारों की आदत है। उनके पास शब्दों की कमी है, वो बुजुर्ग आदमी हैं और वो उनको परेशान करते हैं। आगे जब एंकर अंजना ओम कश्यप ने उन्हें टोकते हुए पूरा बयान सुनने के लिए कहा तो वे फिर से सफाई देते हुए कहने लगे कि हम उनके साथ नहीं खड़े हैं।
आगे अनुराग भदौरिया ने कहा कि हम उनके बयान के साथ नहीं खड़े हैं। समाजवादी लोग महिलाओं का कितना सम्मान करते हैं ये आप जानते हैं। इस दौरान उन्होंने सपा सरकार के दौरान की योजनाओं की चर्चा करते हुए भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि ये हमें महिला सम्मान सिखाएंगे। साथ ही उन्होंने शफीकुर्रहमान बर्क को पार्टी में ढ़ोने के सवाल पर कहा कि आप व्यक्ति की बात कर रहे हैं और मैं पार्टी की सोच बात कर रहा हूं।
बता दें कि शुक्रवार को सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क ने एक टीवी चैनल से बातचीत के दौरान शादी के लिए लड़कियों की उम्र बढ़ाए जाने को लेकर कहा कि यह सही कदम नहीं है। लड़कियों की उम्र बढ़ाने से हालात बिगड़ेंगे। 18 साल की उम्र भी काफी थी। इससे ज्यादा आवारगी का मौका मिलेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि बेहतर यही होगा कि लड़कियों की जल्दी शादी कर दी जाए।
इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि यह गरीब देश है। यहां हर कोई यही चाहता है कि हमारी बेटी की जल्दी शादी हो जाए और वो अपने घर चले जाए। जहां तक तालीम की बात है वो घर पर भी होती है और ससुराल में भी हो सकती है।
