समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार के मंत्री व भाजपा नेता उपेंद्र तिवारी के बेतुके बयान पर तंज कसते हुए शुक्रवार को कहा कि अब मंत्री जी को भी पेट्रोल की जरूरत नहीं पड़ेगी क्योंकि जनता उन्हें पैदल कर देगी।
शुक्रवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा कि उत्तर प्रदेश के भाजपाई मंत्री जी ने कहा कि महंगे पेट्रोल से आम जनता को फर्क नहीं पड़ता क्योंकि 95% जनता को पेट्रोल की जरूरत नहीं है। अब मंत्री जी को भी नहीं पड़ेगी क्योंकि जनता उन्हें पैदल कर देगी। सच्चाई तो यह है कि 95% जनता को भाजपा की ज़रूरत नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि ‘थार’ में तो डीजल पड़ता है ना?
गौरतलब है कि गुरुवार को उत्तर प्रदेश के खेल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेंद्र तिवारी ने जालौन में आयोजित एक कार्यक्रम में अजीबोगरीब बयान देते हुए कहा था कि केवल मुट्ठी भर लोग ही चार पहिया की गाड़ी चलाते हैं। उन्हें ही पेट्रोल की आवश्यकता होती है। आज समाज के 95 प्रतिशत लोगों को पेट्रोल की आवश्यकता नहीं होती। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर आप ईंधन की कीमत की प्रति व्यक्ति आय से तुलना करें तो कीमतें अब भी बहुत कम हैं। डीजल-पेट्रोल के दामों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।
उत्तरप्रदेश सरकार में मंत्री उपेंद्र तिवारी के ऊपर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने अपने ट्वीट में थार लिखकर बीते दिनों लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा को लेकर भाजपा सरकार पर भी निशाना साध दिया। जिसमें केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा की थार से कुचलने की वजह से चार किसानों की मौत हो गई थी। चार किसानों की मौत के बाद आशीष मिश्रा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था और बीते दिनों पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पेट्रोल को लेकर उपेंद्र तिवारी के अजीबो गरीब बयान पर अखिलेश यादव के नए साथी और सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने भी निशाना साधा। ओम प्रकाश राजभर ने भी ट्वीट करते हुए लिखा कि उप्र भाजपा सरकार के मंत्री जी ने बढ़ती महंगाई पर गजब का ज्ञान दिया कि मुट्ठी भर लोग पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल करते हैं और 95% जनता को पेट्रोल की जरूरत नहीं है। यूपी की जनता अब भाजपाइयों को पैदल करने जा रही है, अब तो भाजपाई सरसों तेल, अरहर दाल भी नहीं खाते होंगे, गैस सिलेंडर भी नहीं भराते होंगे। (भाषा इनपुट्स के साथ)
