प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार की दिवाली नौसैनिकों के बीच INS विक्रांत पर मना रहे हैं। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने नेवी की बढ़ती ताकत का जिक्र किया है, उनकी तरफ से पाकिस्तान पर भी हमला बोला गया है। इसके अलावा पीएम ने नक्सलवाद का भी जिक्र किया है और दावा किया है कि बहुत जल्द उसे जड़ से खत्म किया जाएगा।

पीएम मोदी ने कहा कि आज का ये दिन अद्भुत है, ये क्षण यादगार है। ये दृश्य अद्भुत हैं। आज मेरे एक ओर अथाह समुंदर है और दूसरी ओर मां भारती के वीर सिपाहियों के अथाह सामर्थ्य है। आज मेरे एक ओर अनंत क्षितिज है, अनंत आकाश है। वहीं, दूसरी ओर अनंत शक्तियों को समेटे ये विशाल, विराट INS विक्रांत है।

प्रधानमंत्री ने आगे बोला कि ये बड़े बड़े शिप, हवा से भी तेज गति से चलने वाले हवाई जहाज, ये पनडुब्बियां, ये अपनी जगह पर हैं। लेकिन, जो जज्बा आपमें हैं, वो उसको भी जानदार बना देता है। ये शिप भले ही लोहे के हों, लेकिन जब आप उसपर सवार होते हैं, तो वो जांबाज, जीवित सैन्य बन जाता है। इसके बाद पीएम मोदी ने सेना के जवानों को अपना परिवार बताया।

उन्होंने कहा कि दीपावली के पर्व में हर किसी को अपने परिवार के बीच दिवाली मनाने का मन करता है। मुझे भी अपने परिवारजनों के बीच दिवाली मनाने की आदत पड़ गई है। इसलिए मैं आप सब परिजनों के बीच दिवाली मनाने चला आता हूं। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने विक्रांत का जिक्र कर भी काफी कुछ बोला। उन्होंने बोला कि विक्रांत -विशाल है, विराट है, विहंगम है। विक्रांत विशिष्ट है, विक्रांत विशेष भी है। विक्रांत केवल एक युद्धपोत नहीं है। ये 21वीं सदी के भारत के परिश्रम, प्रतिभा, प्रभाव और प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

पाकिस्तान का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि अभी कुछ महीने पहले ही हमने देखा है कि विक्रांत ने अपने नाम से ही पूरे पाकिस्तान की नींद उड़ा दी थी। जिसका नाम ही दुश्मन के साहस का अंत कर दे, वो है INS विक्रांत। भारतीय नौसेना द्वारा पैदा किए गए भय ने… भारतीय वायुसेना द्वारा दिखाए गए अद्भुत कौशल ने… भारतीय सेना की जाबांजी ने… तीनों सेनाओं के जबरदस्त समन्वय ने… #OperationSindoor में पाकिस्तान को इतनी जल्दी घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया।

पीएम ने अपने संबोधन में स्वदेशी युद्धपोतों का भी जिक्र किया। इस बारे में उन्होंने कहा कि अब तो औसतन हर 40 दिन में एक नया स्वदेशी युद्धपोत या पनडुब्बी नेवी में शामिल की जा रही है। हमारी ब्रह्मोस और आकाश जैसी मिसाइलों ने #OperationSindoor में भी अपनी क्षमता साबित की है।