बर्फीली हवाओं पर सवार सर्दी ने राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश को अपनी चपेट में ले लिया है। इन तमाम राज्यों में न्यूनतम तापमान छह से नौ डिग्री के बीच पहुंच गया है। दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है। दिल्ली में गुरूवार को अधिकतम तापमान सामान्य 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान औसत से दो डिग्री कम 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा है कि तीन राज्यों में अगले तीन दिन तक शीतलहर चलेगी। मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर और उत्तराखंड समेत पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में दिख रहा है और तापमान में लगातार गिरावट जारी है।
दिल्ली-एनसीआर, यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और पंजाब में तापमान में गिरावट जारी है। आगामी दिनों में यहां शीतलहर का सितम देखा जा सकता है। फिलहाल इन इलाकों में सुबह और शाम के वक्त काफी सर्दी हो रही है। बर्फीली हवा चलने से दो डिग्री लुढ़का पारा।
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब में 17 दिसंबर तक कई इलाकों में शीतलहर को लेकर चेतावनी दी गई है। चंडीगढ़ में भी काफी ठंड पड़ रही है । मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमोत्तर भारत में अगले दो दिनों में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है। वहीं, मध्य भारत में अगले दो से तीन दिनों तक 2-3 डिग्री सेल्सियस तक तापमान में गिरावट हो सकती है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बीच-बीच में मौसम में परिवर्तन हो रहा है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होते ही हवा की दिशा बदली है। उत्तरी हवा प्रभावी होने से सर्दी में इजाफा हुआ। अगले 24 घंटे में तेजी से पारा गिरेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले सप्ताह से उत्तरी हवाओं का रुख पूरी तरह से हावी रहेगा। उत्तर प्रदेश में अगले दो से तीन दिनों में शीतलहर का असर देखने को मिल सकता है। पंजाब में अगले तीन दिनों तक ठंड और शीतलहर का प्रकोप रहेगा। हिमाचल प्रदेश और कश्मीर के पहाड़ी इलाकों बर्फबारी हो रही है। इस वजह से मैदानी इलाकों में सर्दी बढ़ रही है।