केंद्र सरकार की ओर से आज देश में बनने वाले स्मार्ट सिटी के शहरों के नाम की घोषणा की जा चुकी है। स्मार्ट सिटी की इस लिस्ट में देश के सबसे ज्यादा जनसंख्या वाले राज्य यूपी 13 शहरों के नाम शामिल हैं, जिन्हें स्मार्ट सिटी बनाया जाएगा। देश के दूसरे राज्यों की अपेक्षा यूपी में सबसे ज्यादा शहरों को स्मार्ट सिटी के लक्ष्य में शामिल किया गया है। इसके बाद दूसरा नंबर तमिलनाडु का है जिसके 12 शहर सूची में शामिल हैं।

इसके बाद महाराष्ट्र के 10, मध्य प्रदेश के 7, गुजरात और कनार्टक के 6-6, राजस्थान के 4, आंध्र प्रदेश, पंजाब और बिहार के तीन-तीन शहरों को सूची में जगह मिली है। इसमें 24 राजधानियों को शामिल किया गया है। देश में बनने वाले स्मारट सिटी के नाम केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू ने घोषित किए हैं। इनमें चेन्नई, अहमदाबाद, ग्रेटर मुंबई, ग्रेटर हैदराबाद, पटना, शिमला, बेंगलुरु, दमन, त्र‍िवेंद्रम, पुडुचेरी, गंगटोक और कोलकाता जैसी राजधानी के नाम शामिल हैं।

आपको बता दें कि इस लिस्ट में सरकार ने जम्मू और कश्मीर को छोड़कर बाकी राज्यों के शहरों का ऐलान किया है। 100 स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट पर कुल 48,000 करोड़ रुपये खर्च होंगे। हर स्मार्ट सिटी को 5 साल तक केंद्र से सालाना 100 करोड़ रुपये मिलेंगे। पहले चरण में 20 शहर और फिर अगले 2 साल में बाकी शहरों का विकास किया जाएगा।

गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 25 जून को स्मार्ट सिटी को लेकर गाइडलाइंस जारी की थी। इसके बाद ही सिटी कंपिटीशन चैलेंज के बाद राज्यों ने केंद्र सरकार को अपनी लिस्ट सौंपी है।

गुरुवार को स्मार्ट सिटी के नामों का ऐलान करते हुए केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा कि 2 स्मार्ट सिटी के नाम का ऐलान बाद में होगा। नेशनल मीडिया सेंटर में वेंकैया नायडू ने बताया कि 4 स्मार्ट सिटी के शहरों की जनसंख्या 50 लाख से अधिक होगी 98 शहरों में 24 राजधानियां शामिल हैं।

स्मार्ट सिटी का निर्माण स्पेशल पपर्स व्हीकल (एसपीवी) के तहत होगा। स्मार्ट सिटी के निर्माण में राज्य और अर्बन अथारिटी की हिस्सेदारी 50–50 फीसदी होगी। सरकार इसमें निजी क्षेत्र को भी ला सकती है। शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा कि 98 शहरों में 24 राजधानियां शामिल हैं।