त्रिपुरा के अगरतला में जिरानिया रेलवे स्टेशन पर 6 बंगलादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया है। कथित तौर पर इन सब पर यह आरोप लगाया गया है कि यह अवैध तरीके से भारत में प्रवेश कर गए हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि इनमें  तीन ट्रांसजेंडर हैं। वे किसी और राज्य में जाने के लिए ट्रेन में चढ़ रहे थे। अब इस मामले की गहनता से जांच चल रही है। 

क्या जानकारी है? 

अधिकारियों ने बताया कि सीक्रेट इन्फोर्मेशन मिलने के बाद गुरुवार को राजकीय रेलवे पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल, सीमा सुरक्षा बल और अन्य एजेंसियों द्वारा चलाए गए संयुक्त अभियान में इन्हें गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों ने सिपाहीजाला जिले के बिशालगढ़ के निवासी होने का दावा किया, लेकिन बाद में पूछताछ के दौरान उन्होंने कबूल किया कि वे बुधवार को बांग्लादेश से आए थे और ट्रेन से मुंबई जाने की योजना बना रहे थे।

अगरतला में सरकारी रेलवे पुलिस के प्रभारी अधिकारी तपस दास ने कहा, “पकड़े गए लोगों में से चार किशोरगंज के हैं, जबकि अन्य बांग्लादेश के नोआखली जिले के निवासी हैं। हमने मामला दर्ज कर लिया है और इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या इसमें और लोग शामिल हैं।”

कुछ दिन पहले पूर्वोत्तर राज्य में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में चार साल के बच्चे सहित तीन बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया था।

अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप की वापसी से सुधरेंगे भारत-बांग्लादेश रिश्ते? समझिए क्या होंगी मोहम्मद यूनुस की मुश्किलें

अगरतला रेलवे स्टेशन और त्रिपुरा के अन्य हिस्सों से बड़ी संख्या में बांग्लादेशी और रोहिंग्या लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो राज्य छोड़कर देश के अन्य हिस्सों में जाने की कोशिश कर रहे थे। स्थानीय विवादों के कारण बांग्लादेश के साथ त्रिपुरा की 856 किलोमीटर लंबी सीमा के कुछ हिस्सों में अभी भी बाड़ नहीं लगी है। बांग्लादेश से शेख हसीना के देश छोड़कर निकलने के बाद से इस तरह के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। जहां कई लोग बॉर्डर के ज़रिए भारत आने का प्रयास करते रहे हैं।