कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली से सटे सिंघु बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे हैं किसानों के प्रदर्शन स्थल पर एक दलित युवक का शव बरामद होने से सनसनी मच गई। इस व्यक्ति को लेकर अब जानकारी सामने आई है कि, इसका नाम लखबीर सिंह है और ये तरनतारन का रहने वाला था। जानकारी के मुताबिक इस शख्स का किसी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं था।

सामने आए वीडियो के आधार पर जांच: 35 साल के लखबीर सिंह को लेकर जानकारी आई है कि, इस शख्स की तीन बेटिया हैं और वो दिल्ली में कुछ समय से रह रहा था। मालमू हो कि लखबीर के साथ उसका परिवार नहीं रहता था। इस मामले में सोनीपत पुलिस को कुछ वीडियो भी मिले हैं, जिसके आधार पर जांच की जा रही है। बता दें शुक्रवार को सिंघु बॉर्डर पर किसानों के प्रदर्शन स्थल से एक व्यक्ति का हाथ कटा शव मिला।

शरीर पर धारदार हथियार के निशान: प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक को मारकर उसके शव को बैरिकेडिंग से टांग दिया गया था। शव मिलने की जानकारी कुंडली थाने में दी गई। और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बैरिकेडिंग से शव को उतारा। इसके बाद पुलिस शव को पास के सिविल हॉस्पिटल लेकर गई। बता दें कि मृतक लखबीर सिंह के शरीर पर धारदार हथियार के निशान पाए गए हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कथित तौर पर निहंग सिखों ने इस युवक की बड़ी बेरहमी से हत्या कर दी। युवक के गर्दन के साथ-साथ शरीर के अन्य जगहों पर भी हमला किया गया। मालूम हो कि हत्या करने के बाद शव को संयुक्त किसान मोर्चा के मुख्य टेंट के पास लगे बैरिकेडिंग से लटका दिया गया था।

गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी का आरोप: कहा जा रहा है कि सिखों के पवित्र धर्म ग्रंथ गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी का आरोप इस शख्स पर था, जिसके चलते निहंग सिखों ने इसकी बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या की सूचना पर जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो आंदोलनकारियों ने पुलिस को रोकने की कोशिश की। हालांकि भारी हंगामे के बाद भी लाश को बैरिकेडिंग से उतारकर पुलिस ने आगे की जांच के लिए सिविल अस्पताल ले गई।