Shivraj Singh Chouhan vs Congress: राज्यसभा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पूरी पार्टी पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़ा हमला बोला है। शिवराज ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी के डीएनए में ही किसान विरोध है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को हमेशा ही शकुनि, चौसर, चक्रव्यूह ही क्यों याद आते हैं? शिवराज ने राज्यसभा में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के कामकाज पर चर्चा का जवाब देते हुए मुख्य विपक्षी पार्टी को आड़े हाथों लिया।
शिवराज ने कांग्रेस पर हमलावर होते हुए कहा कि जाकी रही भावना जैसी, प्रभु मूरत देखी तिन तैसी जब हम महाभारत काल में जाते हैं, तो हमें कन्हैया याद आते हैं, लेकिन कांग्रेस को चौसर, शकुनि और चक्रव्यूह आदि याद आते हैं। असल में अनीति और अधर्म किसने किया था, किसने ठगी की थी। शिवराज ने कहा कि कांग्रेस के डीएनए में ही किसान विरोध है।
कांग्रेस को शिवराज ने बताया किसान विरोधी
कांग्रेस पर हमलावर होते हुए शिवराज ने कहा कि शकुनि धोखे और कपट के प्रतीक थे, चौसर में धोखा और चक्रव्यूह में घेरकर मारना होता है। शिवराज ने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस का असली चेहरा यही है। कर्ज माफी की बात को लेकर कृषि मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने अपने केंद्र और राज्य के घोषणापत्र में कई बार कहा कि सरकार में आते ही कर्ज माफ कर देंगे। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान में 2 लाख तक के कर्ज माफ कर देंगे, और न करें तो 11वें दिन सीएम को हटा देंगे, लेकिन असल में ऐसा कुछ किया ही नहीं गया।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि शुरुआत से ही कांग्रेस की प्राथमिकताएं गलत रही हैं। हमारे पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू मैं उनका आदर करता हूं, वह रूस से एक मॉडल देखकर आए और कहा कि इसे लागू करो। चौधरी चरण सिंह ने कहा कि यह गलत है। 17 साल प्रधानमंत्री रहे, लेकिन क्या हुआ अमेरिका से सड़ा हुआ लाल गेहूं भारत को खाने पर मजबूर कर दिया गया।
इतिहास याद दिलाकर बोला कांग्रेस पर हमला
शिवराज सिंह चौहान ने आगे कहा कि इंदिरा के जमाने में जबरदस्ती लेवी वसूली का काम किया जाता था, भारत आत्मनिर्भर नहीं हुआ। राजीव गांधी ने एग्रीकल्चर प्राइस पॉलिसी की बात जरूर की, लेकिन किसानों की आय बढ़ाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया। नरसिम्हा राव की सरकार में भी कृषि से जुड़े उद्योगों की भी डी लाइसेंसिंग नहीं की। 2004 से 2014 की क्या बात करूं, उस समय घोटालों के देश में जाने जाते थे। भारत की राजनीति क्षितिज पर एक दैदीप्यमान सूर्य उदय हुआ था। जिसने पूरे देश को विश्वास से भर दिया था और वे कोई और नहीं बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही थे।
बताई सरकार की 6 प्राथमिकताएं
शिवराज सिंह चौहान ने किसानों के लिए अपनी प्राथमिकताएं रखते हुए कहा कि उनकी 6 प्रायॉरिटीज हैं, उत्पादन बढ़ाना, उत्पादन की लागत घटाना, ठीक दाम देना, कृषि का विविधीकरण और आने वाली पीढ़ियों के लिए भी धरती सुरक्षित रहे, इसके लिए खेती को बढ़ावा देना हमारा प्रयास है।