दिल्ली-एनसीआर में लगातार ठंड का कहर जारी है। पूरी दिल्ली मंगलवार की सुबह को कोहरे की सफेद चादर से लिपटा रहा। कई इलाकों में घने कोहरे की वजह से दृश्यता शून्य रही। जिसकी वजह से यातायात प्रभावित रहा। घने कोहरे की वजह से कई जगह सड़क हादसे भी हुए। मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है। हालांकि मौसम विभाग ने कहा है कि बुधवार को तापमान बढ़ सकता है।

न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से चार डिग्री नीचे है। वहीं जाफरपुर 02.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम विभाग ने घने कोहरे व भीषण ठंड को लेकर अगले दो दिन 17 व 18 जनवरी के लिए नारंगी चेतावनी और उसके दो दिन बाद 19 व 20 के लिए पीली चेतावनी जारी की है।

विभाग ने कहा है कि इस दौरान पारा और गिर सकता है। विभाग द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली वासियों को मंगलवार सुबह भी भीषण सर्दी का सामना करना पड़ा। पालम वेधशाला ने सुबह न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) में हल्का सुधार दर्ज किया गया जो सुबह नौ बजे 351 रहा। यह अब भी बहुत खराब श्रेणी में बना हुआ है।

डिवाइडर तोड़ दूसरी ओर से आ रहे वाहन से टकराई कार, एक की मौत

उत्तरी दिल्ली के कोतवाली इलाके में सलीमगढ़ किला, गीता कालोनी, झील कट के पास एक अनियंत्रित कार ने डिवाइडर तोड़कर दूसरी ओर से आ रही कार में जोरदार टक्कर मार दी। सोमवार देर रात करीब डेढ़ बजे हुआ यह हादसा इतना भयानक था कि दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में अनियंत्रित कार के चालक लक्ष्मी नगर निवासी गौरव मल्होत्रा (40) की मौत हो गई। पुलिस ने चार घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में एक युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त पर घना कोहरा छाया हुआ था और दृश्यता भी कम थी।

जिला पुलिस उपायुक्त ने मंगलवार सुबह बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि देर रात करीब डेढ़ बजे तेज रफ्तार से आ रही एक कार पहले डिवाइडर से टकराई और उसके बाद सामने से आ रही एक अन्य कार से जा भिड़ी। घायलों में से एक व्यक्ति की हालत गंभीर है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने चार घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में एक युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पड़ताल की जा रही है। हादसे के घायल दो लोगों की पहचान सुमित और सौरव के तौर पर हुई है। जबकि अन्य दो निश्चय और सौरभ की पहचान अभी पुख्ता नहीं हो पाई है।

ग्रेनो : घने कोहरे में 10 वाहन आपस में टकराए, चार घायल

गौतमबुद्ध नगर जिले के ग्रेटर नोएडा में घन कोहरे के कारण मंगलवार को कई वाहन आपस में टकरा गए, जिससे चार लोग घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हादसा दादरी पुलिस थाना क्षेत्र में बाईपास मार्ग पर सुबह करीब पौने आठ बजे हुआ। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि अंडरपास को पार करने के तुरंत बाद बाईं ओर मुड़ते समय एक ट्रक अन्य ट्रक से टकरा गया।

इसके बाद पीछे से आ रहे 10 और वाहन भी टकराते चले गये। घटना में चार लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार घायलों की पहचान कैलाश प्रशांत, अपूर्व परमार, केशव सिंह और मोहन स्वरूप के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारण मार्ग पर करीब दो घंटे के लिए यातायात बाधित रहा, लेकिन क्षतिग्रस्त वाहनों को जल्द ही हटा दिया गया और वाहनों की आवाजाही सामान्य हो गई।

ट्रक चालक की उपचार के दौरान मौत : तीन दिन पहले ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर कोहरे के चलते चार वाहन टकरा गए थे। घायल ट्रक चालक की उपचार के दौरान दिल्ली के अस्पताल में मौत हो गई। जौनपुर निवासी ट्रक चालक संतोष गिरी 13 जनवरी को नोएडा आ रहे थे। दादरी क्षेत्र के ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर कोहरे की धुंध के चलते चार वाहन आपस में भिड़ गए थे। ट्रक के केबिन में संतोष गिरी फंस गए थे। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।