IMD Weather Updates: राजधानी नई दिल्ली में लोग मंगलवार को न्यूनतम व अधिकतम तापमान में आई गिरावट की वजह से दिनभर सर्द हवाओं (Cold Wave) से कांपते रहे। दिल्ली में सबसे ठंडा इलाका आया नगर रहा। यहां पर न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। दिल्ली में आने वाले दिनों में कोहरे (Fog) का स्तर और बढ़ने की संभावना है।

नए साल में ही घने कोहरे (Fog) से राहत मिलने की संभावना

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आने वाले दिनों में कोहरा और घना होगा। यह स्थिति 31 दिसंबर तक बनी रहेगी। नए साल में ही घने कोहरे से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 17.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा जिससे कुछ इलाकों में दृश्यता घटकर 50 मीटर रह गई। कम दृश्यता (Low Visibility) के कारण सड़क व रेल यातायात प्रभावित हुआ।

धर्मशाला, नैनीताल और देहरादून से भी कम दिल्ली का तापमान

दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो कि धर्मशाला के 6.2 डिग्री सेल्सियस, देहरादून के सात डिग्री सेल्सियस और नैनीताल के 7.2 डिग्री सेल्सियस से कम था। शीतलहर के कारण दिल्ली के कुछ हिस्सों जैसे पालम और जाफरपुर में ‘ठंडे दिन’ की स्थिति बनी रही। यहां अधिकतर हिस्सों में मंगलवार सुबह घना कोहरा छाया रहा।

North Railway ने दिल्ली आने वाली कई ट्रेन का समय बदला

उत्तर रेलवे ने बताया कि कोहरे के कारण दिल्ली आने-जाने वाली 17 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। इन ट्रेन में रेलवे ने दो के समय में बदलाव किया गया है।दिल्ली में सोमवार को ‘बेहद ठंडा दिन’ था, क्योंकि अधिकतम तापमान कुछ स्थानों पर सामान्य से 10 डिग्री कम दर्ज किया गया था। सोमवार को 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।

Skymet Weather ने कोहरा को लेकर जताया ये अनुमान

स्काईमेट वेदर (Skymet Weather) के मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन संबंधी विभाग के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण 25-26 दिसंबर को पहाड़ों में फिर से बर्फबारी हुई, जिसके बाद उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवा अब मैदानी इलाकों में बह रही है। इस वजह से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR), हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में मंगलवार को घने से बेहद घना कोहरा छाया रहा।

Kashmir में जमा डल झील का बड़ा हिस्सा, राजस्थान में शून्य से नीचे पारा

कश्मीर के कई इलाकों में पानी की आपूर्ति करने वाली पाइप लाइनों में पानी जम गया है। डल झील (Dal Lake) का अंदरूनी हिस्सा और घाटी के अन्य जलाशय भी जम गए। वहीं राजस्थान में भी कड़ाके की ठंड का दौर जारी है जहां बीते सोमवार की रात चुरू में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक हरियाणा में नारनौल सबसे ठंडा स्थान रहा जहां मौसम केंद्र के मुताबिक पारा सामान्य से चार डिग्री कम एक डिग्री सेल्सियस रहा। पंजाब के बठिंडा में तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस रहा तो अमृतसर में पांच डिग्री व लुधियाना में 6.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

कश्मीर (Kashmir) भी शीतलहर की चपेट में है तथा समूची घाटी में तापमान कई डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है जिससे पारा शून्य से और नीचे चला गया है। अधिकारियों ने बताया कि कड़ाके की सर्दी की वजह से कई इलाकों में पानी की आपूर्ति करने वाली पाइप लाइनों में पानी जम गया है। डल झील का अंदरूनी हिस्सा और घाटी के अन्य जलाशय भी जम गए।

उन्होंने बताया कि श्रीनगर (Srinagar) में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है जबकि यहां पारा रविवार रात्रि को शून्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस नीचे था। इसी तरह पहलगाम में न्यूनतम पारा शून्य से 6.7 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा जो रविवार रात को शून्य से 5.7 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया था।

उत्तर कश्मीर के बारामूला जिले के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.9 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया। अधिकारियों ने कहा कि सीमावर्ती कुपवाड़ा जिले में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंड में पारा 3.6 डिग्री सेल्सियस रहा। कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

प्रदूषण का स्तर बेहद गंभीर श्रेणी में पहुंचा

दिल्ली में प्रदूषण (Pollution) का स्तर बेहद गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया। इंडिया वायु गुणवत्ता सेवा (सफर) के मुताबिक देर शाम को वायु गुणवत्ता का स्तर 324 दर्ज किया गया। सफर का पूर्वानुमान है कि यह स्तर बुधवार को और बढ़कर 336 तक दर्ज हो सकता है। हवाई अड्डे को छोड़कर पूरे एनसीआर (Delhi NCR) में यह स्तर बेहद खराब श्रेणी में रहा। वायु गुणवत्ता (AQI) का स्तर पूसा में 336, लोधी रोड 316, दिल्ली विश्वविद्यालय 354, हवाई अड्डा 297, नोएडा 375, मथुरा रोड 335, आया नगर 302, आइआइटी दिल्ली 303, गुरुग्राम 319 और धीरपुर 346 दर्ज किया गया।