पांच राज्यों में चुनावी हार के बाद से कांग्रेस की स्थिति और खराब हो गई है। कांग्रेस के जी-23 के नेता बगावत करते हुए मीटिंग पर मीटिंग कर रहे हैं, कांग्रेस आलाकमान भी इस गुट के साथ अब बातचीत करती दिख रही है, लेकिन इन सब चीजों से शायद ही आगे भी कांग्रेस के प्रदर्शन में कोई सुधार आए। वरिष्ठ पत्रकार राशिद किदवई की मानें तो राहुल गांधी जज करने लगते हैं, इसी से सारी समस्या पैदा हो रही है।
दरअसल लल्लनटॉप के साथ बात करते हुए वरिष्ठ पत्रकार राशिद किदवई ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर कहा कि उन्होंने खुद जयपुर के अधिवेशन में कहा था कि वो नेताओं को जज करेंगे। ये जज करना ही समस्या की जड़ है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी से लेकर इंदिरा गांधी तक और सोनिया गांधी तक नेताओं को साथ लेकर चलते थे, वो लोग अपने आप को बाहरी व्यक्ति नहीं समझते थे, दूसरों को बाहरी नहीं समझते थे। उन्होंने कहा- “राहुल गांधी का जो काम करने का तरीका है…वो जज करने लगते हैं, उसी में सारी समस्या आ रही है।”
आगे राशिद किदवई ने जी-23 में शामिल नेताओं को लेकर भी बड़ी बात कह दी। उन्होंने कहा कि इसमें तीन तरह के नेता हैं। एक जो सही में कांग्रेस में बदलाव लाना चाहते हैं, दूसरे जिन्हें कांग्रेस से कोई मतलब नहीं हैं, तीसरे जो मोलतोल की कोशिश में हैं।
किदवई ने कहा- “जिसको जाना होता है, वो चला जाता है, जिसको नहीं जाना होता है वो दुनिया भर की पैतरेबाजी करता है, यहां ये वो नेता हैं, जिनका दूसरे दलों में एंट्री नहीं हो पाई है। लोग अपने व्यक्तिगत कारणों से या विचारधारा की वजह से वो नहीं जा पा रहे हैं… जी 23 एक विचारधारा का नाम नहीं है। यहां अलग तीन तरह के लोग हैं। एक ऐसे लोग हैं, जो दिल से कांग्रेस का भला चाहते हैं। कुछ ऐसे लोग हैं जो कांग्रेस के बाहर तल्ख टिप्पणी करते हैं, उन्हें कांग्रेस या गांधी परिवार से सरोकार नहीं है, तीसरे लोग ऐसे हैं जो मोलतोल करना चाहते हैं, कुछ मिल जाए। कोई महामंत्री बन जाएं, राज्यसभा का पद मिल जाए।”
बता दें कि कांग्रेस में जी-23 में शामिल कुछ एक नेता गांधी परिवार के खिलाफ हैं और नेतृत्व में परिवर्तन की मांग कर रहे हैं। हालांकि ज्यादातर नेता अब सोनिया गांधी के साथ खड़े दिख रहे हैं। हार के बाद पार्टी में जारी तनातनी से कांग्रेस की अच्छी खासी बदनामी भी हो रही है और कांग्रेस आलाकमान पर सवाल भी खड़े हो रहे हैं। हालांकि अब खुद सोनिया गांधी इन चीजों को ठीक करने के लिए एक्टिव दिख रही हैं।