वे भोपाल की पहली महिला क्रिकेट खिलाड़ी हैं, जिन्होंने टीम इंडिया की नीली जर्सी पहनी है। भोपाल की अरेरा अकादमी से भारतीय टीम तक का सफर उन्होंने महज छह साल में ही पूरा कर लिया।

सौम्या और उनकी बड़ी बहन साक्षी क्रिकेट खेला करती थीं। बड़ी बहन ही उसे अरेरा क्रिकेट क्लब लेकर गई और अब वे अंडर-19 टीम की उपकप्तान हैं। सौम्या के पिता मनीष तिवारी भोपाल के कलेक्टर दफ्तर में नौकरी करते हैं। वे खुद भी क्रिकेट खेलते थे। वर्ष 1986 में एक हादसे में पैर टूटने के बाद पेशेवर क्रिकेट खेलने का उनका सपना टूट गया।

अब उनका सपना सौम्या ने पूरा किया है। उनके मुताबिक, सौम्या मोगरी और प्लास्टिक की बाल से घर में क्रिकेट खेलती थी। पांच साल की उम्र में मोहल्ले के मैदान में बच्चों को क्रिकेट खेलता देख उसे पैड और हेलमेट पहनने का शौक हुआ। वर्ष 2016 में गर्मी की छुट्टियों के दौरान उसकी बहन उसे ओल्ड कैंपियन स्कूल में ग्रीष्म शिविर में लेकर गई। शिविर के लिए सौम्या ने जिद कर क्रिकेट का पूरा किट खरीदवाया।

सौम्या आलराउंडर हैं। ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के साथ वे आफ स्पिन गेंदबाजी भी करती हैं। छह-सात साल में उन्होंने यह कामयाबी हासिल की है। इसमें उनके कोच सुरेश चेनानी ने अहम भूमिका निभाई है। चेनानी बताते हैं कि जब सौम्या की बड़ी बहन उसे अकादमी लेकर आई थीं तो उन्होंने कोचिंग देने से मना कर दिया था। वे कहते हैं, लेकिन वह जिद पर अड़ गई। वह बराबर आती रही, फिर मैंने जूनियर ग्रुप में उसे रखा।

चेनानी के अनुसार, थोड़े दिनों बाद अंडर-14 इंटर एकेडमी लड़कों का मैच हो रहा था। उसने मैच खेलने की जिद की। वो आकर खड़ी हो गई और बोली सर मुझे मैच खेलना है। मेरे मना करने पर वह अड़ी रही। बाद में मैंने उसे इजाजत दे दी। उसने लड़कों से ज्यादा अच्छी फील्डिंग की। उसके बाद उसे आफ स्पिनर के तौर पर तैयार किया। फिर उसका डिवीजन में चयन हो गया। उसके बाद लड़कों के अंडर-14 में उसने छह ओवर में मात्र 18 रन देकर छह विकेट लिए, तब पूरा भोपाल आश्चर्य में आ गया। उस समय इसकी उम्र महज 11-12 साल थी। उस प्रदर्शन के बाद मैंने उसकी बैटिंग पर ध्यान दिया। उसने बैटिंग में भी कमाल किया।

सौम्या अभी सेंट जोसेफ कांवेंट में 12वीं की छात्रा हैं। विराट कोहली सौम्या के पसंदीदा क्रिकेटर हैं, वो कोहली की तरह 18 नंबर की जर्सी पहनती हैं और उन्हीं की तरह बल्लेबाजी करने की कोशिश करती हैं। हाल ही में समाप्त चार देशों की महिला अंडर-19 टी-20 सिरीज में सौम्या ने 102 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। इस सिरीज में श्रीलंका, वेस्टइंडीज, टीम इंडिया -ए और टीम इंडिया-बी खेली।