उद्धव ठाकरे गुट के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने बुधवार को कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ साजिश रची जा रही है। इसके साथ उन्होंने ये भी कहा कि राहुल की जान को भी खतरा है। संजय ने महाराष्ट्र की सत्तारूढ़ भाजपा-शिवसेना गठबंधन के जनप्रतिनिधियों की ओर से राहुल गांधी के खिलाफ की जा रही टिप्पणियों की निंदा की। मीडिया से बात करते हुए संजय राउत ने प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की चुप्पी पर भी सवाल खड़े किए।

संजय राउत ने कहा कि दिल्ली, लखनऊ के साथ महाराष्ट्र के लोग भी वहीं भाषा बोल रहे हैं, ‘जो हाल उनका राहुल गांधी की दादी (इंदिरा गांधी) और उनके पिता (राजीव गांधी) का हुआ था वही हाल उनका भी होगा। इसको लेकर प्रधानमंत्री और गृहमंत्री भी कार्रवाई नहीं करते हैं। इसका साफ मतलब है कि वो लोग टिप्पणी करने वाले लोगों के साथ हैं।’ इसके साथ ही राउत ने कहा कि हम राहुल गांधी पर टिप्पणी करने वाले नेताओं की निंदा करते हैं, साथ ही प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के चुप्पी की भी निंदा करते हैं। राहुल गांधी लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष हैं। उनके नियम के हिसाब से कैबिनेट मंत्री की रैंक प्राप्त है। 

बर्दाश्त नहीं होगी राहुल के खिलाफ साजिश

शिवसेना (उद्धव गुट) के राज्यसभा सांसद ने इसके साथ ही कहा कि इसको बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राहुल गांधी के खिलाफ साजिश की जा रही है। उनकी जान को खतरा दिख रहा है। इसके साथ ही कुछ लोग राहुल गांधी पर हमला करने की भी सोच रहे हैं।

राहुल गांधी के खिलाफ बोलने वाले नेताओं की बात करें तो महाराष्ट्र से बीजेपी के राज्यसभा सांसद अनिल बोंडे ने कहा था  कि राहुल गांधी की जुबान दाग दी जानी चाहिए। क्योंकि राहुल गांधी आरक्षण के बारे में जो कहा है वो खतरनाक है। 

जबकि बुलढाणा से शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ ने तो राहुल गांधी की जीभ काटने को लेकर इनाम घोषित कर दिया। गायकवाड़ ने आरक्षण को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी करने पर उनकी जीभ काटने वाले को 11 लाख का इनाम देने की घोषणा की थी।