खेल मंत्रालय ने इस बात की तसदीक कर दी कि महिला टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा का नाम प्रतिष्ठित राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए भेजा गया है। महिला डबल्स में विश्व की नंबर एक खिलाड़ी सानिया ने हाल ही में खत्म हुए विंबलडन में महिलाओं का डबल्स खिताब अपने नाम किया था।

उन्होंने यह कारनामा मार्टिना हिंगिस के साथ मिल कर किया था। सानिया ने इसी साल जून में हिंगिस के साथ मिल कर अपने करिअर का पहला खिताब जीता था।

जीत के बाद ही महिला डबल्स में वे दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी बन गर्इं थीं। खेल मंत्रालय ने आज पुष्टि की कि विंबलडन युगल चैम्पियन सानिया मिर्जा के नाम की सिफारिश राजीव गांधी खेल रत्न के लिए की गई है लेकिन साथ ही स्पष्ट किया कि अंतिम फैसला पुरस्कार समिति ही करेगी।

खेल सचिव अजित शरण ने कहा कि खेल मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने खेलों में उपलब्धि के लिए सानिया के नाम की सिफारिश सर्वोच्च खेल सम्मान के लिए की है।

शरण ने कहा कि यों हमें आल इंडिया टेनिस संघ सिफारिश से देर में मिली थी लेकिन मंत्री ने इसे स्वीकार किया और पुरस्कार समिति को इसकी सिफारिश की है।

हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि सम्मान देने का आखिरी फैसला पुरस्कार समिति को लेना है। खेल रत्न की दौड़ में सानिया के अलावा स्क्वाश खिलाड़ी दीपिका पल्लीकल और चक्का फेंक के खिलाड़ी विकास गौड़ा भी शामिल हैं।