किसानों की पैरवी कर रहे पैनलिस्ट पर बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा उस समय भड़क गए जब मोदी सरकार को किसान विरोधी बताया गया। संबित ने कहा, देखो रेहाना का भाई कैसे चिल्ला रहा है। फिर बोले आ गया मिया खलीफा का भाई। उनका कहना था कि हमारे कार्यकर्ता जेल में चक्की पीसें तो इन्हें क्यों दिक्कत होती है।

दरअसल, टीवी चैनल पर डिबेट के दौरान अकाली दल के सांसद मनजिंदर सिंह सिरसा से रूबरू हो रहे संबित पात्रा को अन्य पैनलिस्ट के तीखे सवालों का सामना करना पड़ा तो वह असहज होते दिखे। विपक्ष की तरफ से मोर्चा संभाले विवेक श्रीवास्तव ने कहा, विदेशों के सेलीब्रिटी किसान आंदोलन के समर्थन में बोलें तो बीजेपी को परेशानी होने लगती है। इसे देश के खिलाफ साजिश करार दिया जाता है, लेकिन जब पीएम नरेंद्र मोदी अमेरिका में जाकर अबकी बार ट्रम्प सरकार कहें तो किसी को फर्क नहीं पड़ता।

विपक्ष की तरफ से बहस कर रहे एक अन्य पैनलिस्ट ने भी संबित पात्रा को आड़े हाथ लिया। दानिश का कहना था कि सरकार किसानों को ऐसे बता रही है जैसे वो देश के खिलाफ साजिश कर रहे हैं। जबकि किसान अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं। तब संबित उखड़ गए। उन्होंने दानिश को दानिश खलीफा कहा। वह बोले ये मिया खलीफा के भाई हैं। विवेक श्रीवास्तव को उन्होंने पॉप सिंगर रेहाना का भाई बताया।

संबित पात्रा ने हमलावर होते हुए कहा कि, ग्रेटा थनबर्ग का खेती और किसानों से कोई वास्ता नहीं। ये सभी पैसा लेकर ट्वीट कर रहे हैं। रेहाना बगैर पैसा लिए अपने पापा से नहीं मिलती और मिया खलीफा बगैर पैसे के अपनी मम्मी से नहीं मिलेगी। उनका कहना था कि संसद से कृषि कानून पास हुए हैं। ये विदेशी टूल किट के जरिए देश को बांटने की कोशिश कर रहे हैं। उनका सवाल था कि हमारे देश की बातों से तुम्हें (विदेशियों) क्या परेशानी है।

संबित यहीं पर नहीं रुके। उनका कहना था कि ये विदेशी डिक्टेट करें और हम डिबेट करें। संबित बोले, जब कार पंचर होती है तो टूल किट का इस्तेमाल होता है। कांग्रेस और विपक्षियों की कार का टायर पंचर है। राहुल गांधी की कार पंचर है, वह जैक लेकर बैठा है। ये लोग विदेशियों को आगे करके अपनी पंचर कार को ठीक करना चाहते हैं।

टीवी कलाकार गजेंद्र सिंह चौहान ने कहा, भारत सरकार लोगों के हित में काम कर रही। देश विरोधी विचारों के लोगों से लड़ना गलत नहीं है। पूरे भारत को एक होना चाहिए। किसानों को कोई नहीं कह रहा आतंकी, पीएम ने कहा, वह खुद किसानों के हित के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं। विवेक श्रीवास्तव ने कहा, देश विरोधी ताकतों के खिलाफ सभी को एकजुट होकर लड़ना चाहिए।