बीजेपी सांसद प्रज्ञा ठाकुर अकसर अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहती हैं। अब उन्होंने ‘लव जिहाद’ पर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बेटियों को मर्यादा में खुलनें। साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि अगर वे मर्यादा में रहीं तो जीवन भर सफलता पाएंगी। उन्होंने महिलाओं को सलाह दी कि वे अपनी बेटियों से बात करें, इससे लव जिहाद पर लगाम लगेगी।
प्रज्ञा ने कहा, ‘नारी सर्वशक्ति मान है, उसको हम नमन करते हैं। लेकिन आप लोग अपने घर की बालिकाओं की भावनाओं को उजागर होने दीजिए। जब मां की चप्पल बेटी को होने लगे तो उससे मित्रवत व्यवहार करिए। इसी तरह पिता का जूता जब बेटे को होने लगे तो उससे मित्रता का व्यवहार करिए। लड़कियां जब अपनी मां से खुलकर बात करेंगी तो लव जिहाद जैसा मामला सामने नहीं आएगा। बेटियों की रक्षा के लिए आपको निश्चित रूप से आगे आना चाहिए।’
उन्होंने आगे कहा, ‘उन्हें डराकर मत रोको, खुलने दो लेकिन कहो कि सीमा और मर्यादा अनिवार्य है और लड़कियों के लिए बहुत ही अनिवार्य है। अगर वे सीमा में रहीं तो आगे बढ़ती रहेंगी।’ बता दें कि उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश सरकार ने ‘लव जिहाद’ के खिलाफ कानून पारित किया है। यूपी के कानून की सुनवाई हाई कोर्ट में चल रही है। यूपी और मध्य प्रदेश के कानूनों में दो साल से लेकर 10 साल तक की सज़ा का भी प्रावधान किया गया है।
अगर मां अपनी बेटी से खुलकर बात करें तो नहीं होगा लव जिहाद : @SadhviPragya_MP#लव_जिहाद @JournalistVipin pic.twitter.com/DpUmaZUUgN
— News24 (@news24tvchannel) January 25, 2021
कुछ दिन पहले साध्वी प्रज्ञा ने कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह को आतंकी करार दे दिया था। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस ने हमेशा देशभक्तों को गाली दी है। प्रज्ञा ठाकुर ने महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को भी देशभक्त करार दिया था। इसको लेकर काफी विवाद हुआ। बाद में पार्टी को सफाई देना पड़ी और खुद को बयान से किनारा करना पड़ा। प्रज्ञा ठाकुर ने अपने बयानों से कई बार बीजेपी को मुसीबत में डाला है। हर बार पार्टी ने यही कहकर किनारा किया कि वह उनका निजी बयान है।