आरएसएस के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य एवं वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार ने विधानसभा राज्य चुनावों में भाजपा की हार पर एक बयान दिया है। इंद्रेश ने कहा कि यहां कुछ भी फिक्स नहीं हैं, कोई शासन हमेशा के लिए नहीं होता। ऐसा जरूरी नहीं है कि जो अभी 2018 के विधानसभा चुनाव में हुआ है वहीं 2019 के लोकसभा चुनावों में हो। हालात और मुद्दे बदलते हैं।

क्या बोले इंद्रेश कुमार
2019 के लोकसभा चुनावों पर इंद्रेश कुमार ने कहा कि इस बार चुनाव काफी मजेदार होंगे न सिर्फ मुद्दे बदलेंगे बल्कि नाम भी बदलेंगे। ममता बनर्जी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जब वो बंगाल में जीत कर दिल्ली आईं तो सभी को लगा कि वो यहां भी परचम लहराएंगी। लेकिन क्या हुआ, जनता से ज्यादा तो स्टेज पर लोग थे। यही हाल मायावती और आम आदमी पार्टी का हुआ। इसलिए 2019 में भाजपा की सरकार ही बनेगी। क्योंकि देश में दाल व सब्जियां मंहगी नहीं हुई हैं। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने के बाद के बाद भी वाहन महंगे नहीं हुए। ताकतवर माने जाने वाला चीन बिना गोली और गाली के डोकलाम से हट गया। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि चुनाव में भाषा और सभ्यता का ध्यान रखें।

राममंदिर पर क्या बोले
लोकसभा चुनाव के अलावा राममंदिर मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अदालत को इस मुद्दे का उपहास नहीं बनाना चाहिए नहीं तो लोग उस पर भी सवाल उठाएंगे। राम मंदिर के लिए सरकार और विपक्ष को इस पर कार्य करना चाहिए।

 

27 को राष्ट्रीय सुरक्षा पर होगा मंथन
इसके साथ ही इंद्रेश कुमार ने कहा कि देश की बाहरी, आंतरिक और साइबर सुरक्षा पर 27 दिसंबर को मंथन कार्यक्रम होगा। डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच इस कार्यक्रम का आयोजन करेगा। इस कार्यक्रम में कई विषयों के विशेशज्ञ जैसे कि न्यायधीश, सेवानिवृत नौकरशाह और पत्रकार अपने विचार रखेंगे।