केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर की गई विवादित टिप्पणी को लेकर उनके दामाद रॉबर्ट वाड्रा ने भाजपा नेता को आड़े हाथ लिया।
वाड्रा ने फेसबुक पर लिखा, ‘‘एक केंद्रीय मंत्री द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष और मेरी सास पर की गई टिप्पणी पढ़कर स्तब्ध हूं। वह एक गरिमापूर्ण महिला हैं।’’
उन्होंने लिखा, ‘‘क्या हम इसी तरह एक ऐसी महिला के बारे में बातें करते हैं जिसने अपने पूरे जीवन में दिक्कतों का सामना किया हो और देश के लिए अपने प्रिय लोगों को खोया हो।’’
इस मुद्दे को देश में महिलाओं के सम्मान से जोड़ते हुए वाड्रा ने लिखा, ‘‘यदि सरकार और उनके मंत्री उनका सम्मान नहीं कर सकते, यदि वे उनके बारे में नस्लभेदी टिप्पणी करते हैं, तो हमारे देश की अन्य महिलाओं के बारे में वह क्या सोचते होंगे?’’
गिरिराज ने कल यह पूछकर विवाद खड़ा कर दिया था कि यदि सोनिया गांधी ‘‘गोरी चमड़ी’’ वाली नहीं होतीं तो क्या कांग्रेस उनके नेतृत्व को स्वीकार करती। उन्होंने कल पत्रकारों से बातचीत में कहा था, ‘‘यदि राजीव गांधी ने किसी नाइजीरियाई महिला से शादी की होती और यदि वह गोरी नहीं होतीं, तो क्या कांग्रेस ने सोनिया के नेतृत्व को स्वीकार किया होता?’’