Rithala (Delhi) Election/Chunav Result 2025: दिल्ली के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की करारी हार हुई है। पार्टी के कई बड़े दिग्गज चुनाव हार गए हैं। अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया भी अपनी सीट नहीं बचा पाए। वहीं, बात रिठाला विधानसभा सीट की करें, तो इस सीट पर बीजेपी से कुलवंत राणा ने बड़े अंतर के साथ जीत हासिल की है। बता दें कि कुलवंत राणा ने आप के मोहिंदर गोयल को 29,616 वोटों से मात दी है।
रिठाला विधानसभा सीट पर कुल 20 राउंड में वोटों की गिनती होनी थी, जिसमें पहले ही राउंड से कुलवंत राणा ने बढ़त बनाई हुई थी। हर रांउड में वोटों के बीच बड़ा अंतर देखने को मिला। वहीं, 20 राउंड पूरे होते-होते बीजेपी नेता को कुल 1,04,371 वोट मिले और आप नेता ने कुल 74755 वोट हासिल किए। जबकि कांग्रेस से सुशांत मिश्रा को महज 74755 वोटों के साथ संतोष रखना पड़ा।
यहां देखें रिठाला सीट पर हर पल की अपडेट
समय | आप से मोहिंदर गोयल | बीजेपी से कुलवंत राणा | कांग्रेस से सुशांत मिश्रा |
सुबह 9:30 बजे | 7,246 कुल वोट | 9,325 कुल वोट (2,079 वोटों से आगे) | 489 कुल वोट |
सुबह 10:30 बजे | 20,257 कुल वोट | 32,967 कुल वोट (12,710 वोटों से आगे) | 1,774 कुल वोट |
सुबह 11 बजे | 34,432 कुल वोट | 53,893 कुल वोट (19,461 वोटों से आगे) | 2,865 कुल वोट |
दोपहर 12 बजे | 51,158 कुल वोट | 74,953 कुल वोट (23,795 वोटों से आगे) | 3,864 कुल वोट |
दोपहर 12:30 बजे | 60,583 कुल वोट | 86,636 कुल वोट (26,053 वोटों से आगे) | 4,403 कुल वोट |
दोपहर 1 बजे | 73,659 कुल वोट | 1,02,667 कुल वोट (29,008 वोटों से आगे) | 5,128 कुल वोट |
दोपहर 1:30 बजे | 74,755 कुल वोट | 1,04,371 कुल वोट (29,616 वोटों से जीते) | 5,258 कुल वोट |
रिठाला सीट नॉर्थ वेस्ट दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के तहत आती है। दिल्ली विधानसभा के गठन के बाद यहां 1993 में पहली बार विधानसभा चुनाव हुए थे। 2008 में हुए परिसीमन के बाद रिठाला सीट अस्तित्व में आई। 2008 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच टक्कार में भाजपा ने बाजी मारी थी। भाजपा के कुलवंत राणा ने यहां से जीत दर्ज की थी। उन्हें कुल 64,474 वोट मिले थे। बीजेपी कैंडीडेट ने कांग्रेस के शंभू दयाल शर्मा को 26,346 वोट से शिकस्त दी थी।
रिठाला विधानसभा चुनाव 2020 परिणाम
वहीं, बात साल 2020 की करें, तो उस समय रिठाला से विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के मोहिंदर गोयल को जीत मिली थी। मोहिंदर गोयल ने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी मनीष चौहान को हराया था। कांग्रेस यहां पर तीसरे स्थान पर रही थी। आप के मोहिंदर गोयल को 87,940 वोट मिले थे, बीजेपी के नील मनीष चौहान को 74,067 वोट मिले थे, वहीं कांग्रेस के प्रदीप कुमार को 2,651 वोट मिले थे। इस सीट पर 824 लोगों ने NOTA का बटन दबाया था।
रिठाला विधानसभा चुनाव परिणाम
वहीं, 2015 के चुनाव में आप के मोहिंदर गोयल ने जीत दर्ज की थी। उन्हें 93,470 वोट मिले थे। दूसरे स्थान पर रहे बीजेपी के कुलवंत राणा को 64,219 वोट मिले थे। जबकि कांग्रेस के जगदीश यादव को 5,367 वोट के साथ तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा था। यानी रिठाला विधानसभा सीट पर दो बार बीजेपी तो दो बार आप को सफलता मिली है। हालांकि, पिछले दो चुनावों से आम आदमी पार्टी इस सीट पर जीत का परचम लहरा रही है।