संसद के बजट सत्र के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बारे में टिप्पणी के लिए सोनिया गांधी के खिलाफ बिहार की अदालत में शिकायत दर्ज कराई गई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर ‘Poor Lady’ टिप्पणी के लिए कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के खिलाफ शनिवार को बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की एक अदालत में शिकायत दर्ज कराई गई। मुजफ्फरपुर के एक वकील सुधीर ओझा ने सोनिया गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए राष्ट्रपति का कथित रूप से अपमान करने के लिए FIR दर्ज करने को लेकर निर्देश देने का अनुरोध किया।
वकील ओझा ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को भी सह-आरोपी बताया है और उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई का अनुरोध किया है। मुजफ्फरपुर में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत में शिकायत दर्ज कराने के बाद ओझा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘सोनिया गांधी ने ‘बेचारी’ टिप्पणी करके राष्ट्रपति मुर्मू का अपमान किया है। यह देश की सर्वोच्च संवैधानिक प्राधिकारी का अपमान है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी इसमें सह-आरोपी हैं। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाना चाहिए।’’
राष्ट्रपति पर सोनिया गांधी की टिप्पणी पर बुरी तरह घिरी कांग्रेस, बीजेपी ने चारों तरफ से घेरा
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर क्या बोलीं थीं सोनिया गांधी?
अदालत इस मामले की सुनवाई 10 फरवरी को करेगी। दरअसल, संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद सदन के बाहर पत्रकारों ने सोनिया गांधी से राष्ट्रपति मुर्मू के लगभग एक घंटे लंबे संबोधन के बारे में पूछा था। जिस पर सोनिया गांधी ने कहा था, ‘‘राष्ट्रपति, अंत तक बहुत थक गई थी, Poor Lady वह मुश्किल से बोल पा रही थीं।’’
वहीं, दूसरी ओर विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण को बोरिंग बताया था। इस दौरान प्रियंका गांधी भी वहां मौजूद थीं। जिसके बाद राष्ट्रपति भवन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संसद में अभिभाषण पर टिप्पणियों को अस्वीकार्य बताते हुए कहा कि इससे पद की गरिमा को ठेस पहुंची है। राष्ट्रपति भवन ने एक बयान में कहा, ‘‘संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर मीडिया को प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पार्टी के कुछ प्रमुख नेताओं ने ऐसी टिप्पणियां की हैं जो स्पष्ट रूप से पद की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं इसलिए ये अस्वीकार्य हैं।’’ पढ़ें- देश दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लेटेस्ट अपडेट्स
(भाषा के इनपुट के साथ)