उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए राज्यसभा सांसद अभिनेत्री रेखा भी शनिवार (5 अगस्त) को चुनाव में मतदान करने पहुंची थीं। अमूमन सदन से हमेशा नदारद रहने वाली रेखा, उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए सदन में नजर आईं लेकिन उनके आने से चुनाव के अलावा एक और विषय चर्चा में रहा। संसद परिसर मे रेखा और अभिनेत्री जया बच्चन का आमना-सामना जिस अंदाज में हुआ उसे कई नेता देखते रह गए। जया बच्चन परिसर से बाहर आ रही थीं और लिफ्ट के पास रेखा और कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला इंतजार कर रहे थे। तभी दोनों का आमना-सामना हो गया। दोनों कुछ देर तक एक-दूसरे को देखती रहीं और फिर रेखा ने जया बच्चन को गले लगा लिया और उनके कान के करीब जाकर कुछ कहा। इसके बाद दोनों अपने-अपने रास्ते के लिए चल दीं। इस नजारे को कई नेता बस देखते ही रह गए।

बता दें उपराष्ट्रपति चुनाव में सचिन तेंदुलकर और फिल्म अभिनेत्री रेखा ने राज्यसभा के मनोनीत सदस्य के नाते अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दोनों ही मनोनीत सदस्यों के साथ मतदान कक्ष तक कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य राजीव शुक्ला भी गये। क्रीम रंग की साड़ी पहने रेखा पूर्वाह्न करीब सवा ग्यारह बजे मतदान करने के लिए पहुंची थीं। उन्होंने मतदान करने के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिम्पल यादव से भी कुछ देर बातचीत की। इसके अलावा रेखा की साड़ी भी कई अटकलों की वजह बनी। सबकी निगाहें उनकी साड़ी पर टिकी हुई थीं। उन्होंने कमल के फूल की प्रिंट वाली साड़ी पहन रखी थी, जिससे उनके भाजपा को समर्थन देने के कयास लगाए जा रहे थे। हालांकि उन्होंने किसे वोट दिया होगा यह तो सिर्फ वही जानती होंगी।

वहीं तेंदुलकर ने मतदान के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘न केवल यहां बल्कि जहां कहीं भी मतदान हो, प्रत्येक नागरिक को वोट डालना चाहिए।’’ अनुसंधान संस्था पीआरएस के अनुसार उच्च सदन में वर्ष 2012 में मनोनीत किये गये तेंदुलकर और रेखा की उपस्थिति क्रमश: सात प्रतिशत एवं पांच प्रतिशत रही है। क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और बॉलीवुड अभिनेत्री रेखा दोनों को ही 2012 में राज्यसभा का सदस्य मनोनीत किया गया था। सासंद बनने के बाद करीब 348 दिनों में सचिन सिर्फ 23 दिन और रेखा मात्र 18 दिन ही सदन में मौजूद रहीं। मौजूदा मॉनसून सत्र से भी ये दोनों सदस्य अभी तक नदारद रहे हैं। वहीं पिछले बजट सेशन में भी दोनों सिर्फ एक-एक दिन ही सदन में उपस्थित रहे।