Rekha Gupta Z Category Security: रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी। दिल्ली के रामलीला मैदान में गुप्ता आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। गुरुवार को दिल्ली बीजेपी विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता के नाम का ऐलान किया गया। वहीं अब रेखा गुप्ता की सुरक्षा को लेकर जानकारी सामने आने लगी है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि दिल्ली पुलिस नई मुख्यमंत्री चुनी गईं भाजपा की रेखा गुप्ता को ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान कर सकती है।
गृह मंत्रालय (एमएचए) की ‘येलो बुक’ के अनुसार, जिसमें वीआईपी और वीवीआईपी के लिए सुरक्षा व्यवस्था के दिशानिर्देश निर्धारित किए गए हैं, एक ‘जेड’ श्रेणी के सुरक्षाकर्मी को पीएसओ, एस्कॉर्ट्स, वॉचर्स और लगभग आठ स्टेटिक आर्म गार्ड सहित लगभग 22 कर्मी मिलते हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी को भी गृह मंत्रालय के निर्देश पर दिल्ली पुलिस ने ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा दी थी। अपने 15 साल के कार्यकाल के दौरान पूर्व कांग्रेसी मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को भी ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई थी।
कल मां का अंतिम संस्कार और आज बने मंत्री, जानिए कौन हैं पंकज सिंह, बिहार से है कनेक्शन
एक सूत्र ने बताया कि गुप्ता को गुरुवार दोपहर रामलीला मैदान में शपथ लेने के तुरंत बाद ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा दी जा सकती है। जिसमें छह कैबिनेट मंत्री भी शपथ लेंगे।
सूत्र ने बताया कि बुधवार रात शालीमार बाग स्थित उनके आवास के आसपास स्थानीय पुलिस तैनात कर दी गई है, लेकिन शपथ समारोह के बाद पुलिसकर्मियों की औपचारिक तैनाती की जाएगी।
सूत्रों ने बताया कि प्रोटोकॉल के अनुसार, दिल्ली के मुख्यमंत्री को ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है, जिसे गृह मंत्रालय के निर्देश पर आकलन के बाद बढ़ाया जा सकता है।
आप के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ‘जेड प्लस’ सुरक्षा कवर मिला हुआ है, जो उन्हें खतरे की आशंका के आधार पर दिया गया है। किसी भी राज्य के मुख्यमंत्री की सुरक्षा का आकलन सुरक्षा एजेंसियों द्वारा खतरे की आशंका के आधार पर किया जाता है। बता दें, रेखा गुप्ता के पास कुल 5 करोड़ ज्यादा की संपत्ति है। उनके ऊपर 1 करोड़ 20 लाख से ज्यादा की देनदारी भी है। यह जानकारी उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के चुनावी हलफनामे में दी थी।
(इंडियन एक्सप्रेस के लिए आलोक सिंह की रिपोर्ट)