Congress Internal Politics: मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के बीच टकराव होने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि परिवार में झगड़ा बढ़ने की वजह से ही राहुल गांधी संसद सत्र के बीच में ही विदेश दौरे पर गए हैं।
दरअसल, एक न्यूज चैनल पर बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा, “दोनों गांधी आपस में लड़ रहे हैं। मुझे पता चला है कि सदन में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के भाषणों की तुलना की जा रही है। इससे राहुल गांधी बेहद नाराज हो गए हैं। नतीजा ये कि उन्होंने परिवार से झगड़ा किया और विदेश चले गए।”
राहुल ने प्रियंका के भाषण के लिए क्या कहा था?
रवनीत सिंह बिट्टू के दावे के इतर मीडिया में राहुल प्रियंका के बीच राजनीति और जीवन में एक दूसरे का साथ देने की बातें कहीं जाती हैं। दूसरी ओर जब संसद में वंदे मातरम को लेकर डिबेट हो रही थी तो बहन प्रियंका के भाषण से पहले राहुल ने मीडिया से कहा था, “प्रियंका का भाषण सुनो।”
यह भी पढ़ें: मनरेगा के ‘VB-G RAM G’ बनने से आम लोगों के लिए क्या बदलेगा? जानें हर सवाल का जवाब
‘लोग गांधी को भूल चुके हैं’
बता दें कि आज वीबी-जी राम जी विधेयक के खिलाफ कांग्रेस पार्टी देशव्यापी प्रदर्शन कर रही है। इसको लेकर रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा, “उनके पास लोग हैं प्रदर्शन करने के लिए? उनको महात्मा गांधी से कोई लेना देना नहीं है। उन्हें जो उनका गांधी है, प्रियंका गांधी, राहुल गांधी, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, संजय गांधी, उनको उस गांधी से दिक्कत है कि वो कहां जा रहा है।”
यह भी पढ़ें: ‘भारतीय कंपनियां सबसे बड़े विदेशी निवेशक’, जानिए इथियोपियाई संसद में पीएम नरेंद्र मोदी के भाषण की 7 बड़ी बातें
मोदी कैबिनेट में शामिल बिट्टू ने कहा कि लोग उस गांधी को भूल चुके हैं, जो उनके नाम से जुड़ा हुआ है। उसे नकार चुके हैं। बापू गांधी थे हैं और रहेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हैं कहां? अभी मैं उनकी तस्वीरें जर्मनी में देख रहा था। वहां पर एक तरफ तो प्रधानमंत्री हैं, जो देश के लिए जाते हैं। ये (राहुल गांधी) जाते हैं घूमने और सैर करने।
राहुल-प्रियंका के करीबी थे बिट्टू
बता दें कि रवनीत सिंह बिट्टू पहले कांग्रेस में ही थे। राहुल गांधी पहले उन्हें काफी पसंद करते थे और राहुल ने ही पंजाब की राजनीति में आगे बढ़ाकर अध्यक्ष पद तक पहुंचा दिया था। पंजाब की बदलती राजनीतिक परिस्थिति के बीच पिछले साल हुए लोकसभा चुनाव के पहले रवनीत सिंह बीजेपी में शामिल हो गए थे।
यह भी पढ़े: ‘यह राजनीतिक साजिश’, मल्लिकार्जुन खड़गे बोले- नेशनल हेराल्ड मामले का मकसद गांधी परिवार को परेशान करना
