अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले 17 जनवरी को प्रस्तावित रामलला की प्रतिमा के नगर भ्रमण कार्यक्रम को मंदिर ट्रस्ट ने रद्द कर दिया है। ट्रस्ट के एक पदाधिकारी ने सोमवार को बताया कि प्रतिमा को पूरे अयोध्या नगर में घुमाने का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। इसके बजाय, ट्रस्ट उसी दिन राम जन्मभूमि मंदिर परिसर के अंदर प्रतिमा के भ्रमण की व्यवस्था करेगा।

ट्रस्ट पदाधिकारी ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों की सलाह पर ट्रस्ट ने सुरक्षा कारणों से इस प्रस्तावित कार्यक्रम को रद्द कर दिया है। कार्यक्रम रद्द करने का फैसला श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने काशी के आचार्यों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक के बाद लिया। अयोध्या प्रशासन के मुताबिक, ट्रस्ट की बैठक में इस बात पर चर्चा हुई कि जब रामलला की नयी प्रतिमा को शहर में ले जाया जाएगा तो श्रद्धालु और तीर्थयात्री दर्शन के लिए उमड़ पड़ेंगे और प्रशासन के लिए भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल हो जाएगा।

श्रद्धालुओं को कब कराए जाएंगे रामलला के दर्शन

वहीं, अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ देश के एक से सवा करोड़ श्रद्धालुओं को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में विराजित रामलला के दर्शन कराएगा। हर दिन संघ के एक प्रांत से दो से ढाई लाख श्रद्धालु प्रभु श्रीराम के दर्शन करने के लिए अयोध्या पहुंचेंगे। यह सिलसिला 26-27 जनवरी से शुरू होगा।

सोमवार को लखनऊ में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष की पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और बाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक के साथ बैठक हुई। बैठक में संघ की ओर से बीएल संतोष को श्रद्धालुओं को अयोध्या भ्रमण कराने की देशव्यापी योजना की विस्तार से जानकारी दी गई।

मीटिंग में बताया गया कि प्रत्येक प्रांत से श्रद्धालुओं को अयोध्या लाने के लिए ट्रेनें बुक कराई गई हैं। इस दौरान श्रद्धालुओं को रेलवे स्टेशन से अयोध्या में उनके ठहरने के स्थान तक पहुंचाने, रामलला के दर्शन और रामनगरी का भ्रमण कराने के लिए जगह-जगह पर किए जाने वाले इंतजामों और इसके लिए आवश्यक मानव संसाधन तैनात करने पर चर्चा हुई। यह भी तय हुआ कि देश के अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले लोगों की सुविधा के लिए श्रद्धालुओं के साथ संबंधित भाषाओं के दुभाषिये नियुक्त किए जाएं।