राज्यसभा की 57 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव 11 जून को कराए जाएंगे। इसमें उद्योगपति विजय माल्या की ओर से खाली की गई एक सीट भी शामिल है। चुनाव आयोग ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पंद्रह राज्यों से 55 सदस्यों का कार्यकाल जून और अगस्त के बीच पूरा हो रहा है। राजस्थान और कर्नाटक से एक-एक सीट क्रमश: आनंद शर्मा (कांग्रेस) और विजय माल्या (निर्दलीय) की ओर से खाली की गई है और इनके लिए भी उप-चुनाव कराए जाएंगे।
इन कुल 57 सीटों में से 14-14 सीटें भाजपा और कांग्रेस से जुड़ी हैं, जबकि छह सदस्य बसपा, पांच जद (एकी) और तीन-तीन सपा, बीजद व अन्नाद्रमुक से हैं। दो-दो सदस्य द्रमुक, राकांपा और तेदेपा से हैं। जबकि एक सदस्य शिवसेना का है। माल्या एक निर्दलीय सदस्य थे जिन्होंने पांच मई को इस्तीफा दे दिया। जिन सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो रहा है, उनमें केंद्रीय मंत्री एम वेंकैया नायडू, बीरेंद्र सिंह, सुरेश प्रभु, निर्मला सीतारमण, पीयूष गोयल और मुख्तार अब्बास नकवी, पूर्व मंत्री जयराम रमेश, जद (एकी) नेता शरद यादव और वरिष्ठ वकील राम जेठमलानी शामिल हैं।
सेवानिवृत्त हो रहे सबसे ज्यादा 11 सदस्य उत्तर प्रदेश से हैं। छह-छह सदस्य तमिलनाडु और महाराष्ट्र से हैं। बिहार से पांच सीटों पर चुनाव कराए जाएंगे। आंध्र प्रदेश और कर्नाटक से चार-चार सीटों पर चुनाव होंगे। वहीं मध्य प्रदेश और ओड़िशा से तीन-तीन सीटों, हरियाणा, झारखंड, पंजाब, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना से दो-दो सीटों और उत्तराखंड से एक सीट पर चुनाव होने हैं। इन चुनावों के लिए अधिसूचना 24 मई को जारी की जाएगी।

