नयी दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह महाराष्ट्र में सरकार के गठन को लेकर चर्चा करने के लिए आगामी सोमवार को मुंबई पहुंच सकते हैं। दूसरी ओर भाजपा और शिवसेना के बीच संभावित गठबंधन को लेकर पर्दे के पीछे बातचीत चल रही है।
सिंह भाजपा विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में विधायक दल का नेता चुना जाएगा जो महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेगा।
हालिया विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद सिंह को महाराष्ट्र के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था। भाजपा को 288 सदस्यीय विधानसभा में 122 सीटें मिली हैं।
सूत्रों ने कहा कि सरकार गठन को लेकर भाजपा पिछले दरवाजे से शिवसेना के साथ बातचीत कर रही है। चुनाव से ऐन पहले दोनों दलों के बीच 25 साल पुराना गठबंधन टूट गया था।
महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष देवेंद्र फडनवीस मुख्यमंत्री की दौड़ में सबसे आगे बने हुए हैं। कुछ और नामों को लेकर भी अटकलें चल रही हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल अपने आवास पर राजग के सभी सांसदों की बैठक बुलाई है। इसमें शिवसेना के सदस्य शामिल होंगे।
मोदी आज मुंबई में एक निजी अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। यह अभी स्पष्ट नहीं है कि वह मुंबई में कोई राजनीति बैठक करेंगे या नहीं ।