राजस्थान कांग्रेस के विधायक भरत सिंह कुंदनपुर ने अपने ही एक मंत्री को Mafia Of Corruption कह दिया है। न्यूज एजेंसी ‘ANI’ के मुताबिक भरत सिंह कुंदनपुर ने इस मामले में राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को भी खत लिखा है। इस ख़त में उन्होंने राज्य के मंत्री को हटाने की मांग की है। उन्होंने लिखा है कि ‘यह मंत्री Mafia Of Corruption हैं…मैं इनका नाम नहीं लेना चाहता हूं।’

यहां आपको बता दें कि भरत सिंह कोटा के सांगोद से विधायक हैं। उन्होंने सीएम को लिखे खत में कहा है कि प्रभारी मंत्रियों के जिलों में फेरबदल करने से ज्यादा अच्छा है कि आप मंत्रीमंडल में सबसे भ्रष्ट मंत्रियों को हटाएं। उन्होंने लिखा कि ‘समाचार पत्रों में पढ़ा है कि आपने प्रभारी मंत्रियों के जिलों में फेरबदल किया है। इसका कितना लाभ होगा उसके परखने में समय लगेगा।

आवश्यकता तो यह है कि आपके मंत्रीमंडल में सबसे भ्रष्ट मंत्री को जनता ममें संदेश भिजवाने हेतु कृप्या कर बर्खास्त करें। एक बार पहले मुख्यमंत्री रहते आप उनको हटा चुके हैं। यह मंत्री भ्रष्टाचार के माफिया हैं। इनका नाम लिखना आवश्यक नहीं समझता हूं। गंदगी की बदबू नजदीक के लोगों को ज्यादा दुर्गन्ध देती है।’

(सोर्स- सोशल मीडिया)

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि भरत सिंह ने खान विभाग के मंत्री प्रमोद जैन भाया को इशारों-इशारों में निशाने पर लिया है। आपको याद दिला दें कि साल 2008 से 2013 वाली गहलोत सरकार में उस वक्त अंता से विधायक रहे प्रमोद जैन भाया मंत्री थे। प्रमोद जैन उस वक्त सार्वजनिक निर्माण विभाग के मंत्री थे। वर्तमान खान मंत्री प्रमोद जैन भाया को उस वक्त मुख्यमंत्री रहते हुए अशोक गहलोत ने मंत्री पद से हटा दिया था।

इससे पहले भी विधायक भरत सिंह चाहे अवैध खनन का मामला हो या ख़राब सड़कों का कई मामलों को लेकर विधायक भरत सिंह बारां से राजस्थान सरकार में मंत्री को अपने निशाने पर रखते आए हैं। इस तरह के पत्र वो पहले भी सीएम को भेजते रहे हैं। बहरहाल कांग्रेस विधायक के इस लेटर बम से राजस्थान की सियासत में हंगामा खड़ा हो गया है।