भारत अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर 191 देशों का नेतृत्व करते हुए रविवार को यहां ऐतिहासिक राजपथ पर विशाल समारोह आयोजित करेगा। दावा है कि इसमें 35 हजार लोग शामिल होंगे। इस समारोह में कई योग आसन किए जाएंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समारोह के लिए आमंत्रित किए गए 152 देशों के मिशन के राजनयिकों और लोगों को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम सुबह सात बजे से सात बजकर 35 मिनट तक आयोजित होगा। एक ही स्थान पर इतनी बड़ी संख्या में लोगों के एकत्रित होने को ध्यान में रखते हुए इस कार्यक्रम के लिए समन्वय कर रहे आयुष मंत्रालय ने एक ही स्थल पर सबसे बड़े योग प्रदर्शन के लिए इसे गिनीज वर्ल्ड रेकॉर्ड्स में दर्ज कराने का लक्ष्य रखा है।

यह दिवस दुनियाभर में 191 देशों के 251 से अधिक शहरों में मनाया जाएगा और भारतीय मिशनों और राजनयिकों ने समारोहों के लिए इंतजाम किए हैं। सरकार रविवार को योग आसनों के सीधे प्रसारण के लिए लोगों के लिए राजपथ पर दो हजार विशाल डिजिटल सिनेमा स्क्रीन लगाएगी।

दिल्ली के अलावा योग समारोह लखनऊ, कोलकाता और पटना जैसे शहरों में भी आयोजित किए जाएंगे जिसे दूरदर्शन प्रसारित और अन्य साइटों पर वेबकास्ट किया जाएगा। इसी तरह से सभी राज्यों से यह दिवस मनाने और जिला व पंचायत मुख्यालयों पर इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया गया है।

‘समान योग प्रोटोकाल’ के अनुसार, 11 लाख से अधिक एनसीसी कैडेट योगासन करेंगे और सैन्य व पुलिस बलों के करीब नौ लाख सदस्य अपनी-अपनी क्षेत्र इकाई में योग करेंगे। राजपथ पर इस विशाल कार्यक्रम के दौरान डाक विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर टिकट और वित्त मंत्रालय द्वारा दस और सौ रुपए के सिक्के जारी किए जाएंगे।

सरकार के अलावा, कई संगठन भी इसी तरह के योग कार्यक्रम आयोजित करेंगे। रामदेव 1100 कार्यक्रम आयोजित करेंगे और उन्होंने एक लाख गांवों तक पहुंचने का लक्ष्य बनाया है और श्रीश्री रविशंकर ने पांच करोड़ लोगों तक पहुंचने का दावा किया है। सरकार ने अमिताभ बच्चन, क्रिकेटर विराट कोहली और पहलवान सुशील कुमार जैसी हस्तियों को भी इस कार्यक्रम से जोड़ा है।

संयुक्त राष्ट्र ने पिछले साल दिसंबर में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी और 177 देशों ने इसका समर्थन किया था। यह प्रस्ताव प्रधानमंत्री मोदी के पिछले साल सितंबर में संयुक्त राष्ट्र की महासभा के अपने पहले संबोधन के दौरान पेश किया गया था। उधर, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू रविवार को विजयवाड़ा में इस मौके पर आयोजित हो रहे कार्यक्रम में भाग लेंगे जबकि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी मुंबई में इस अवसर पर आयोजित समारोह में शामिल होंगे।

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज संयुक्त राष्ट्र में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह की अध्यक्षता करने शनिवार को न्यूयार्क पहुंचीं। हवाई अड्डे पर उनका स्वागत संयुक्त राष्ट्र में भारतीय राजदूत अशोक मुखर्जी ने की। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में रविवार को आयोजित समारोह में सुषमा के साथ संयुक्त राष्ट्र के महासचिव बान की मून, महासभा के अध्यक्ष सैम कुटेसा, कांग्रेस जनप्रतिनिधि तुलसी गबार्ड, आध्यात्मिक नेता श्रीश्री रविशंकर और कई अन्य राजदूत मौजूद होंगे। सुषमा दो घंटे तक होने वाले समारोह की अध्यक्षता करेंगी जिसमें भारत के स्कूली बच्चों सहित सैकड़ों लोग शामिल होंगे। विदेश मंत्री संयुक्त राष्ट्र के महासचिव और यूएनजीए के अध्यक्ष के साथ टाइम्स स्क्वॉयर भी जाएंगी जहां करीब 30 हजार लोग योग करेंगे और वहां बड़े स्क्रीन पर संयुक्त राष्ट्र समारोह का प्रसारण किया जाएगा।

वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया राजपथ पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में शामिल होंगे। दोनों नेताओं को केंद्र ने आमंत्रित किया है।