Rain Prediction In Delhi: दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की विधायक दल की बैठक के बाद रेखा गुप्ता को नया मुख्यमंत्री चुन लिया गया है। नई सरकार का शपथ ग्रहण गुरुवार को रामलीला मैदान में होगा। भारतीय जनता पार्टी शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने में कोई भी कसर नहीं छोड़ रही है। हालांकि, इस पूरे समारोह पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार की शाम से ही दिल्ली और आसपास के इलाकों में एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो गया है। इसकी वजह से बुधवार देर रात से बारिश शुरू हो जाएगी और गुरुवार सुबह तक बारिश होने की संभावना है। आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया, ‘दिल्ली एनसीआर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।’ पूर्वानुमान में रोहिणी, बादली, पीतमपुरा, मुंडका, पश्चिम विहार, पंजाबी बाग, राजौरी गार्डन, बुद्ध जयंती पार्क, जाफरपुर, नजफगढ़, द्वारका, दिल्ली कैंट, पालम, वसंत विहार, वसंत कुंज और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के अन्य हिस्सों जैसी कई जगहों को शामिल किया गया है।

दिल्ली में आने वाले दिनों में कितना रहेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार 20 से 23 फरवरी के बीच दिल्ली में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। आईएमडी ने 20 फरवरी को न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने का अनुमान जताया है। 22 से 24 फरवरी के बीच न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 24 और 25 फरवरी को अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।

बीजेपी ने क्यों बनाया रेखा गुप्ता को दिल्ली का मुख्यमंत्री?

दिल्ली के रामलीला मैदान में हजारों लोगों के जुटने की उम्मीद

राष्ट्रीय राजधानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में 20 फरवरी को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। पार्टी नेताओं के अनुसार, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पूरा मंत्रिमंडल गुरुवार को दोपहर के आसपास होने वाले भव्य समारोह में शपथ लेंगे। रामलीला मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम में करीब 50,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। शपथ ग्रहण समारोह में झुग्गी-झोपड़ी, ऑटो चलाने वाले लोगों को भी बुलाया गया है। शपथ ग्रहण समारोह के बाद में दिल्ली के इंपीरियल होटल में एनडीए नेताओं के लिए विशेष लंच का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में गठबंधन के प्रमुख नेता मौजूद रहेंगे। कौन हैं रेखा गुप्ता?